मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

गगरेट में तेज रफ्तार क्रेटा का कहर, दो प्रवासी युवकों की मौत; दो घायल

सार

ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र के जाड़ला कोईडी में तेज रफ्तार क्रेटा कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

TV Incharge

2 मिनट
गगरेट में तेज रफ्तार क्रेटा का कहर, दो प्रवासी युवकों की मौत; दो घायल

जाड़ला कोईडी में सड़क पर खड़े चार लोगों को कार ने मारी टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो प्रवासी युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। वीरवार को जाड़ला कोईडी में तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क पर मौजूद चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

दो युवकों की मौके पर मौत, दो घायल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रमोद (28) पुत्र पिंटू और शक्ति कपूर (32) पुत्र सरपंच, निवासी जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान छोटे लाल (45), निवासी हरदोई और बढ़ेड़ा राजपूतां निवासी जस्सी (40) पुत्र गिरधारी लाल के रूप में हुई है। जस्सी के पैर में चोट आई है। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।

टक्कर के बाद चालक मौके से फरार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्रेटा कार ने सड़क पर मौजूद चारों लोगों को जोरदार टक्कर मारी। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।

अम्ब थाना क्षेत्र में रोकी गई क्रेटा कार

पुलिस कंट्रोल रूम ऊना से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल क्रेटा कार को पुलिस थाना अम्ब के अधिकार क्षेत्र में रोक लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना के समय कार चला रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मृतकों के शवों और घायलों से संबंधित आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें