मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

दयोरी स्कूल में नए भवन के साथ लौटी रौनक, CM सुक्खू बोले- सितंबर में बच्चों से मिलने आएंगी प्रियंका गांधी

सार

मंडी के दयोरी में 2023 की प्राकृतिक आपदा में क्षतिग्रस्त हुआ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से नए भवन में कक्षाओं के संचालन का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी सितंबर में दयोरी पहुंचकर विद्यार्थियों से मुलाकात करेंगी।

3 मिनट
दयोरी स्कूल में नए भवन के साथ लौटी रौनक, CM सुक्खू बोले- सितंबर में बच्चों से मिलने आएंगी प्रियंका गांधी

3.62 करोड़ की लागत से बने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के भवन में शुरू हुई कक्षाएं, 2023 की आपदा में बह गया था पुराना भवन

मंडी जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी के नवनिर्मित भवन में कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से आयोजित समारोह में भाग लिया।

दयोरी का स्कूल भवन 14 अगस्त 2023 की भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा में पूरी तरह बह गया था। नए राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण करीब 70 लाख रुपये, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन का निर्माण 3.62 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी नए स्कूल भवन के लोकार्पण अवसर पर दयोरी स्वयं आना चाहती थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण वह नहीं आ सकीं।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी दयोरी के विद्यार्थियों से मिलकर उनसे संवाद करना चाहती हैं और अब सितंबर में दयोरी पहुंचकर बच्चों से मुलाकात करेंगी। मुख्यमंत्री ने स्कूल भवन के पुनर्निर्माण में स्थानीय लोगों के योगदान की सराहना करते हुए चिंता देवी, दासी देवी और पुन्नी देवी का विशेष आभार जताया, जिन्होंने शिक्षा विभाग को एक बीघा से अधिक भूमि दान की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आपदा में क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवनों का आधुनिक तरीके से पुनर्निर्माण कर रही है। शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश वर्ष 2021 में जहां 21वें स्थान पर था, वहीं वर्तमान सरकार के प्रयासों से अब पांचवें स्थान पर पहुंच गया है। इस दौरान उन्होंने स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी का विद्यार्थियों के लिए भेजा संदेश पढ़कर सुनाया। प्रियंका गांधी ने वर्ष 2023 की आपदा को याद करते हुए कहा कि हिमाचलवासियों ने उस कठिन समय का बहादुरी से सामना किया।

उन्होंने कहा कि उन्होंने 12 सितंबर 2023 को इस त्रासदी को अपनी आंखों से देखा था और पिछले तीन वर्षों में स्कूल भवन के पुनर्निर्माण के लिए सभी ने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्कूल आकर उनसे मिलने का वादा किया।

प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों, समानता, आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हुनर को मजबूत बनाने की शुरुआत स्कूल से ही होती है और यही बच्चे देश का भविष्य हैं।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग के सचिव राकेश कंवर, निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली, एचपीएमसी निदेशक मंडल सदस्य जोगिंद्र गुलेरिया, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें