मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बिलासपुर में बैंकों ने जून तक बांटा 755 करोड़ का कर्ज, वार्षिक ऋण योजना का लक्ष्य 175.57% हासिल

सार

बिलासपुर में जिला स्तरीय समीक्षा एवं जिला समन्वय समिति की बैठक में बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून तक बैंकों ने 430.06 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 755.05 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। वहीं, मक्की की फसल के नुकसान पर किसानों को करीब 8 करोड़ रुपये की फसल बीमा राशि मिली।

3 मिनट
बिलासपुर में बैंकों ने जून तक बांटा 755 करोड़ का कर्ज, वार्षिक ऋण योजना का लक्ष्य 175.57% हासिल

डीसी राहुल कुमार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और कृषि ऋण बढ़ाने के दिए निर्देश, फसल बीमा से किसानों को मिले 8 करोड़ रुपये

बिलासपुर के बचत भवन में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में बैंकों के माध्यम से संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, फसल बीमा, वार्षिक ऋण योजना और वित्तीय समावेशन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

430 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 755 करोड़ रुपये का ऋण वितरण

बैठक में वर्ष 2026-27 की वार्षिक ऋण योजना के तहत जून 2026 तक की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1 अप्रैल से 30 जून 2026 तक बैंकों ने 430.06 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 755.05 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया। यह निर्धारित लक्ष्य का 175.57 प्रतिशत है।

इस अवधि में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में 124.44 प्रतिशत और गैर-प्राथमिकता क्षेत्र में 1056.19 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया।

कृषि क्षेत्र में 144.79 करोड़ रुपये, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए 346.92 करोड़ रुपये तथा अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में 14.08 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए।

मक्की की फसल के नुकसान पर किसानों को मिले 8 करोड़

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में मक्की की फसल को हुए नुकसान के एवज में प्रभावित किसानों को करीब 8 करोड़ रुपये की बीमा राशि वितरित की गई है।

उपायुक्त राहुल कुमार ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और समय पर अपनी फसलों का बीमा करवाने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों के बीच योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश

उपायुक्त ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए सभी बैंकों को पात्र लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजनाओं को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित न रहे। बैंकों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

निजी बैंकों को मुद्रा योजना में प्रदर्शन सुधारने के निर्देश

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निजी बैंकों के प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी बैंक लोगों को ऋण सुविधा उपलब्ध करवाने में बेहतर कार्य कर रहे हैं, जबकि निजी बैंकों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम है।

उन्होंने निजी बैंकों से सक्रियता बढ़ाने और पात्र लोगों को समय पर ऋण उपलब्ध करवाने को कहा, ताकि स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके।

हर बैंक शाखा में महीने में एक वित्तीय साक्षरता शिविर

उपायुक्त राहुल कुमार ने प्रत्येक बैंक शाखा को हर महीने कम से कम एक वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण योजनाओं, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध करवाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कृषि क्षेत्र में भी अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिले के आर्थिक विकास में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और पात्र किसानों, उद्यमियों तथा अन्य लाभार्थियों को समय पर वित्तीय सहायता मिलनी चाहिए।

जिले में 31,824 किसान क्रेडिट कार्ड जारी

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जून 2026 के अंत तक जिले में 31,824 किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। वहीं, 30 जून 2026 तक जिले में बैंकों का कुल व्यवसाय 13,719.15 करोड़ रुपये हो गया है।

उपायुक्त ने बैंकों से प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में ऋण प्रवाह बढ़ाने और जिले के लोगों के आर्थिक स्तर को ऊपर उठाने में प्रभावी भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • कर्ज वितरण
  • कृषि ऋण
  • सामाजिक सुरक्षा
  • फसल बीमा
  • प्रधानमंत्री योजना
  • वित्तीय समावेशन

इस खबर को शेयर करें