मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

'कांग्रेस की उलटी गिनती शुरू...', हिमाचल नगर निगम चुनाव में BJP की जीत पर गरजे अनुराग ठाकुर

सार

हिमाचल प्रदेश के चार में से तीन नगर निगमों और पंचायती राज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

3 मिनट
'कांग्रेस की उलटी गिनती शुरू...', हिमाचल नगर निगम चुनाव में BJP की जीत पर गरजे अनुराग ठाकुर

हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश के चार में से तीन नगर निगमों और पंचायती राज चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस शानदार सफलता पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने इन चुनावी नतीजों को प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के खिलाफ एक स्पष्ट जनादेश बताते हुए दावा किया कि राज्य में अब कांग्रेस की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।

अनुराग ठाकुर ने भाजपा के सभी विजयी उम्मीदवारों, प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल और जमीन पर पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा देवभूमि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की यह प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राष्ट्रवादी व विकासवादी नीतियों में जनता की अटूट आस्था का प्रतीक है।

जनता ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक अव्यवस्था और ठप्प पड़े विकास कार्यों के विरुद्ध मतदान किया है।

सीटों के गणित से कांग्रेस को घेरा

सांसद अनुराग ठाकुर ने नगर निगम चुनावों के प्रदर्शन का ब्योरा देते हुए आंकड़ों के जरिए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने बताया कि धर्मशाला, पालमपुर, मंडी और सोलन नगर निगमों में भाजपा ने कुल 37 सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त की है।

सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस मात्र 23 सीटों पर सिमट कर रह गई, जबकि 3 सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता अब कांग्रेस सरकार के कुशासन से पूरी तरह निराश हो चुकी है और राज्य में बदलाव चाहती है।

वित्तीय कुप्रबंधन और 1 लाख करोड़ के कर्ज पर उठाए सवाल

अनुराग ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की चरमराती आर्थिक स्थिति को लेकर राज्य सरकार के बजटीय दस्तावेजों का हवाला देते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश पर कुल कर्ज का बोझ एक लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।

विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, मौजूदा सरकार ने पिछले तीन वर्षों में ही लगभग 35,555 करोड़ रुपये का नया कर्ज ले लिया है। वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमानों में राजकोषीय घाटा बढ़कर 16,708 करोड़ रुपये और राजस्व घाटा 9,812 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

वेतन भुगतान से लेकर वित्तीय प्रबंधन तक, सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों के पास भविष्य की कोई ठोस योजना नहीं है। विकास ठप्प है और कर्मचारी, युवा, किसान व व्यापारी वर्ग में व्यापक असंतोष है।

'2027 के विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेंगे ये नतीजे'

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस को याद दिलाया कि चुनाव से पहले किए गए बड़े-बड़े वादे और गारंटियां पूरी तरह हवा हो चुकी हैं। न तो युवाओं को रोजगार मिला और न ही विकास कार्यों में कोई प्रगति दिखी।

उन्होंने अंत में हुंकार भरते हुए कहा कि यह जनादेश केवल स्थानीय निकायों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की दिशा तय कर दी है। जनता के इस भारी समर्थन के बल पर भाजपा 2027 में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और हिमाचल को पुनः सुशासन व वित्तीय अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर करेगी।

इस खबर को शेयर करें