मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

केंद्र की कूटनीति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फेल, पेट्रोल-डीजल और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाकर जनता पर डाला बोझ: विक्रमादित्य सिंह

सार

केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में की गई भारी वृद्धि को लेकर हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र पर तीखा हमला बोला है।

अपडेट: 3 मिनट
केंद्र की कूटनीति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फेल, पेट्रोल-डीजल और कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाकर जनता पर डाला बोझ: विक्रमादित्य सिंह

शिमला।

केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में की गई भारी वृद्धि को लेकर हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण (PWD) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्र पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीति की बड़ी विफलता करार दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चार राज्यों में विधानसभा चुनावों को देखते हुए तेल के दाम रोक कर रखे थे, लेकिन जैसे ही चुनाव संपन्न हुए, जनता पर पेट्रोल-डीजल और कमर्शियल गैस का भारी वित्तीय बोझ डाल दिया गया।

पर्यटन सीजन में होटल-ढाबों पर दोहरी मार, महंगी होगी खाद्य सामग्री

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दाम लगभग दोगुने कर दिए गए थे, जिससे रेस्टोरेंट, ढाबा और होटल व्यवसायियों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है।

वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में पीक टूरिज्म सीजन चल रहा है और शिमला, मनाली, धर्मशाला जैसे प्रमुख स्थलों पर भारी तादाद में सैलानी पहुंच रहे हैं, लेकिन बढ़ती लागत के कारण होटल कारोबारियों को खाने-पीने के दाम बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

अब पेट्रोल-डीजल के महंगे होने से कमर्शियल मालवाहक गाड़ियों का किराया बढ़ेगा, जिससे राज्य में सीमेंट, सरिया और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियां भी महंगी हो जाएंगी। इसका सीधा और विपरीत असर प्रदेश के किसानों और बागवानों पर पड़ेगा।

बिटुमन महंगा होने से विकास कार्य ठप, ऑल पार्टी मीटिंग बुलाएं पीएम

लोक निर्माण मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी उथल-पुथल (ईरान युद्ध) के चलते देश में बिटुमन (डामर) के दाम भी अत्यधिक बढ़ गए हैं। हिमाचल में इस समय सड़कों की टायरिंग (लुक डालने) का मुख्य सीजन होता है और विभाग ने इस बार 500 किलोमीटर सड़कों की टायरिंग का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा था।

लेकिन डामर के दाम बढ़ने के कारण अब ठेकेदार काम करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल हिमाचल की नहीं बल्कि पूरे देश की है। इस संकट से विकास कार्यों को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तुरंत एक 'ऑल पार्टी मीटिंग' (सर्वदलीय बैठक) बुलानी चाहिए।

प्रधानमंत्री की अपीलों से सुनारों और छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी पर लात

विक्रमादित्य सिंह ने प्रधानमंत्री की हालिया अपीलों पर भी कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश की जनता से गाड़ियों का कम इस्तेमाल करने और सोना न खरीदने की अपील कर रहे हैं, जो बेहद अजीब है।

इस तरह की अपीलों से हिमाचल प्रदेश समेत देश भर के सुनारों और छोटे सर्राफा व्यापारियों के व्यापार पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है, जिनकी आजीविका का एकमात्र जरिया यही है।

उन्होंने कहा कि इन संवेदनशील मसलों को राजनीतिक दृष्टिकोण के बजाय जनहित को सर्वोपरि रखकर देखा जाना चाहिए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस संबंध में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर हिमाचल के लोगों की प्रभावित हो रही आवाज को मजबूती से उठाया है।

नगर निगम चुनावों में जीत का दावा और 5400 करोड़ का रोडमैप

प्रदेश में चल रहे नगर निगम चुनावों को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इन चुनावों को पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ लड़ा है। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया है और कल होने वाले मतदान में जनता विकास के पक्ष में फैसला सुनाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने केंद्र को 5400 करोड़ रुपये के विशेष विकास पैकेज का प्रपोजल भेजा था, जिसमें से 1200 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इससे धर्मशाला, मंडी, पालमपुर और सोलन समेत अन्य शहरी निकायों के विकास को नई गति मिलेगी।

इसके अलावा, उन्होंने पर्यटन सीजन के दौरान पहाड़ों में बढ़ रही गंदगी और हजारों टन पैदा हो रहे कचरे पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को बचाना सभी की जिम्मेदारी है और राज्य में स्थापित बायो-डिस्पोजल प्लांट्स की क्षमता को जल्द ही और बढ़ाया जाएगा।

इस खबर को शेयर करें