मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 का भव्य आयोजन

सार

वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 का आयोजन पड्डल मैदान में किया गया। विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और शानदार प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स मीट में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

TV Incharge

3 मिनट
वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 का भव्य आयोजन

पड्डल मैदान में विद्यार्थियों ने दिखाई खेल प्रतिभा, 400 और 800 मीटर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान

वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी की वार्षिक एथलेटिक मीट–2026 का आयोजन 5 अक्तूबर को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में उत्साह और उल्लास के वातावरण में शुरू हुआ। खेल आयोजन में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा, शारीरिक दक्षता, अनुशासन,

दृढ़ संकल्प तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। एथलेटिक मीट का आयोजन 5 से 6 अक्तूबर 2026 तक किया जा रहा है।

एथलेटिक मीट के उद्घाटन समारोह में गोपाल सिंह ठाकुर, मुख्य प्रशिक्षक एथलेटिक्स, खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शिक्षा का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए मंच और संसाधन उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।

एथलेटिक मीट के मीडिया समन्वयक फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने प्रतियोगिताओं के परिणामों की जानकारी दी। 400 मीटर पुरुष वर्ग में साहिल ने 57.62 सेकेंड के समय के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। मनीष कुमार 59.84 सेकेंड के साथ दूसरे और चेतन 59.95 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

400 मीटर महिला वर्ग में अक्षिता ने 1:21.28 मिनट के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। रेखा 1:22.83 मिनट के साथ दूसरे और समृद्धि 1:23.23 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

800 मीटर महिला वर्ग में एनसीसी एयर विंग कैडेट तान्या ने 3:02.19 मिनट के समय के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। सिमरन 3:02.47 मिनट के साथ दूसरे और पल्लवी ठाकुर 3:05.31 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

800 मीटर पुरुष वर्ग में प्रथम् ने 2:00.72 मिनट के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। अयान ठाकुर 2:09.09 मिनट के साथ दूसरे और विपिन कुमार 2:17.49 मिनट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष सहायक प्रोफेसर अंजू शर्मा ने बताया कि एथलेटिक मीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स मीट में वल्लभ राजकीय महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों और विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की। साथ ही एथलेटिक मीट के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, शिक्षकगण, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी, पीटीए, ओएसए एवं सीएससीए के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और खेल संस्कृति को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें