मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सुख आश्रय योजना से हमीरपुर के 136 बच्चों को मिला सहारा, 2.13 करोड़ के बजट का 99.9% खर्च

सार

हिमाचल प्रदेश की सुख आश्रय योजना हमीरपुर जिले के जरूरतमंद बच्चों और युवाओं के लिए सहारा बन रही है। पिछले करीब एक वर्ष में 136 लाभार्थियों को योजना के तहत विभिन्न सुविधाएं दी गई हैं। जिले में निर्धारित 2 करोड़ 13 लाख 33 हजार रुपये के बजट का 99.9 प्रतिशत खर्च किया जा चुका है। पात्र लाभार्थियों को हर महीने 4,000 रुपये पॉकेट मनी के साथ शिक्षा, घर निर्माण, विवाह और स्टार्टअप के लिए भी सहायता दी जा रही है।

TV Incharge

3 मिनट
सुख आश्रय योजना से हमीरपुर के 136 बच्चों को मिला सहारा, 2.13 करोड़ के बजट का 99.9% खर्च

अनाथ बच्चों को हर महीने ₹4,000 पॉकेट मनी, उच्च शिक्षा, घर निर्माण, शादी और स्टार्टअप के लिए भी मिल रही आर्थिक मदद

हिमाचल प्रदेश सरकार की सुख आश्रय योजना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में जरूरतमंद बच्चों और युवाओं के लिए सहारा बन रही है। योजना के तहत पिछले करीब एक वर्ष के दौरान जिले के 136 लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार की आर्थिक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

खास बात यह है कि योजना के लिए निर्धारित 2 करोड़ 13 लाख 33 हजार रुपये के बजट का करीब 99.9 प्रतिशत खर्च किया जा चुका है।

जिला बाल संरक्षण विभाग की ओर से पात्र लाभार्थियों को मासिक आर्थिक सहायता के अलावा उच्च शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, गृह निर्माण, विवाह और स्टार्टअप के लिए भी मदद दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य अनाथ बच्चों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

27 साल तक हर महीने मिल रही 4,000 रुपये पॉकेट मनी

जिला बाल संरक्षण अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि सुख आश्रय योजना मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत प्रदेश सरकार अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ स्टेट यानी राज्य के बच्चे मानती है। सरकार इन बच्चों को समाज के अन्य बच्चों की तरह समान अवसर, सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि योजना के तहत 27 वर्ष तक की आयु के पात्र लाभार्थियों को हर महीने 4,000 रुपये पॉकेट मनी दी जाती है। पिछले वर्ष इस सहायता के तहत 145 बच्चों को लाभ मिला था, जबकि इस वर्ष अब तक 136 बच्चों को मासिक आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। कुछ लाभार्थी 27 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद भी योजना के अन्य पात्र घटकों के तहत सहायता प्राप्त कर रहे हैं।

41 लाभार्थियों को घर निर्माण और 25 को विवाह के लिए मदद

कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि सुख आश्रय योजना के तहत जरूरत और पात्रता के अनुसार एक ही लाभार्थी को अलग-अलग घटकों का लाभ मिल सकता है। जिले में अब तक 41 लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए सहायता दी गई है, जबकि 25 लाभार्थियों को विवाह अनुदान प्रदान किया गया है।

इसके अलावा दो अन्य लाभार्थियों को भी अगले एक-दो दिनों में सहायता उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कौशल विकास और उच्च शिक्षा के लिए भी सहायता

योजना के तहत उच्च शिक्षा, वोकेशनल एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट के लिए भी आर्थिक मदद दी जा रही है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी के अनुसार, पिछले वर्ष व्यावसायिक शिक्षा के लिए करीब 18 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई थी, जबकि इस वर्ष अब तक लगभग 6 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।

इसके अलावा पात्र युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के लिए भी सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।

2.13 करोड़ के बजट का 99.9 प्रतिशत खर्च

जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने बताया कि सुख आश्रय योजना के लिए हमीरपुर जिले में करीब 2 करोड़ 13 लाख 33 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। इसमें से अब तक लगभग 99.9 प्रतिशत राशि खर्च की जा चुकी है। विभाग का प्रयास है कि योजना के सभी पात्र लाभार्थियों तक समय पर सहायता पहुंचे, ताकि वे शिक्षा, रोजगार और जीवन के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बन सकें।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें