मुख्य सामग्री पर जाएं
रविवार, 29 नवंबर 2026

शिमला पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 2.28 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त

सार

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के तहत फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के बाद 2.28 करोड़ रुपये की अवैध चल और अचल संपत्ति जब्त की है। पुलिस का कहना है कि अब तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी अवैध कमाई पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

3 मिनट
शिमला पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 2.28 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त

NDPS एक्ट के तहत फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन में 16 वाहन, 2 फ्लैट, 1 भवन, प्लॉट और कार जब्त; 2026 में अब तक 4.11 करोड़ की संपत्ति कुर्क

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए NDPS एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में नशा तस्करी से अर्जित 2 करोड़ 28 लाख रुपये की चल और अचल संपत्ति जब्त की है। पुलिस का कहना है कि अब केवल तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि अपराध से अर्जित संपत्ति को भी कानून के तहत कुर्क किया जाएगा।

कोटखाई मामले में 2.05 करोड़ की संपत्ति जब्त

पहला मामला सितंबर 2024 में थाना कोटखाई में NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 17 आरोपियों की वित्तीय जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नशा तस्करी से कमाए गए पैसों से 16 वाहन, 2 रेजिडेंशियल अपार्टमेंट और 1 रेजिडेंशियल बिल्डिंग खरीदी थी।

इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत 2 करोड़ 5 लाख रुपये आंकी गई। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपियों की वैध आय और अर्जित संपत्ति में कोई मेल नहीं था। इसके बाद पुलिस ने पूरी संपत्ति को विधि अनुसार जब्त कर लिया।

बालूगंज मामले में प्लॉट और कार भी कुर्क

दूसरा मामला थाना बालूगंज का है। अप्रैल 2026 में तारा देवी रोड पर पुलिस ने आरोपी ऋषभ कुमार के कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी बादल उर्फ तितला को भी गिरफ्तार किया गया।

फाइनेंशियल जांच में पता चला कि ऋषभ कुमार ने नशा तस्करी से अर्जित धन से एक जमीन का प्लॉट और एक कार खरीदी थी। इन संपत्तियों की कुल कीमत 23 लाख 23 हजार रुपये आंकी गई, जिन्हें पुलिस ने कानून के तहत जब्त कर लिया।

2026 में अब तक 4.11 करोड़ की संपत्ति जब्त

एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक शिमला पुलिस ने 6 मामलों में 24 आरोपियों की 4 करोड़ 11 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की है। यह इस वर्ष हिमाचल प्रदेश में किसी भी जिला पुलिस द्वारा की गई सबसे बड़ी फाइनेंशियल कार्रवाई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में शिमला जिले में इस प्रकार की कोई संपत्ति जब्त नहीं की गई थी, लेकिन अब पुलिस नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार वित्तीय जांच कर रही है।

अवैध कमाई पर रहेगा पुलिस का फोकस

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी नशा तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति की पहचान कर उसे कानून के तहत कुर्क किया जाएगा, ताकि नशा तस्करी के पूरे आर्थिक तंत्र को कमजोर किया जा सके।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें