मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला पुलिस का नशा तस्करों के आर्थिक साम्राज्य पर बड़ा प्रहार, 2.09 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

सार

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी वित्तीय कार्रवाई करते हुए बठिंडा से जुड़े नेटवर्क की करीब 2.09 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त/फ्रीज की है। कार्रवाई में लग्जरी वाहन, कमर्शियल प्रॉपर्टी, आवासीय मकान और बैंक बैलेंस शामिल हैं। वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करों की करीब 6.38 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई की जा चुकी है।

3 मिनट
शिमला पुलिस का नशा तस्करों के आर्थिक साम्राज्य पर बड़ा प्रहार, 2.09 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त

बठिंडा के नशा तस्करी नेटवर्क पर शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी गाड़ियों से लेकर कमर्शियल प्रॉपर्टी और बैंक बैलेंस तक जब्त/फ्रीज; 2026 में अब तक 6.38 करोड़ की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई

नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने अब कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए तस्करों के आर्थिक साम्राज्य पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस की कार्रवाई अब केवल चिट्टा-हेरोइन की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति को भी निशाना बनाया जा रहा है।

जिला शिमला ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि पंजाब के बठिंडा से जुड़े एक बड़े नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 2.09 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त/फ्रीज की है।

होम-स्टे में 16 ग्राम चिट्टे के साथ हुई थी पहली गिरफ्तारी

ASP सिटी मेहर पंवर के अनुसार, मामले की शुरुआत 20 जून को हुई थी। शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर कनलोग स्थित एक होम-स्टे में छापेमारी की। इस दौरान बठिंडा निवासी गोपाल कुमार को करीब 16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया।

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज स्थापित किए और इस खेप के पैडलर गुरुवचन उर्फ गुरु निवासी बठिंडा को मोहाली से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 162 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

जांच में सामने आया नेटवर्क का मुख्य सरगना

पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इस दौरान सामने आया कि दोनों आरोपी बठिंडा निवासी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ के लिए नशे का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, दीपक कुमार इस नेटवर्क का प्रमुख सरगना था।

इसके बाद शिमला पुलिस ने सुनियोजित तरीके से बठिंडा में संयुक्त अभियान चलाकर दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ को गिरफ्तार किया।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि दीपक कुमार आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। इनमें 12 जून 2023 को NDPS एक्ट के तहत करीब 100 ग्राम की बरामदगी, 15 फरवरी 2018 को धारा 354 और 354-D IPC तथा 21 जनवरी 2022 को धारा 188 IPC के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि दीपक उर्फ कर्णी बराड़ के बैंक खाते में पिछले छह महीनों के दौरान 50 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है।

2.09 करोड़ की अवैध संपत्ति की पहचान

इसके बाद NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत मामले की वित्तीय जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच में आरोपी कर्णी बराड़ और उसके सहयोगियों द्वारा कथित तौर पर नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों और परिसंपत्तियों की पहचान की गई।

पुलिस के अनुसार, इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 2.09 करोड़ रुपये है। पुलिस ने इन्हें जब्त/फ्रीज किया है।

कार्रवाई के दायरे में Fortuner, Endeavour, Tata Safari, Verna, Swift और Jetta जैसे वाहन शामिल हैं। इसके अलावा S-4 Sports Club और S-4 Car Wash Centre नाम की दो कमर्शियल प्रॉपर्टी, एक आवासीय मकान और बैंक बैलेंस भी कार्रवाई के दायरे में आए हैं।

2026 में अब तक 6.38 करोड़ की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई

ASP सिटी मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक नशा तस्करों और सप्लायरों से संबंधित करीब 6.38 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त/फ्रीज की जा चुकी है। इसके मुकाबले वर्ष 2025 और 2024 में इस तरह की वित्तीय कार्रवाई का आंकड़ा शून्य था।

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में की गई यह कार्रवाई शिमला पुलिस की अब तक की सबसे प्रभावी वित्तीय कार्रवाई है। साथ ही, इस वर्ष हिमाचल प्रदेश की किसी भी जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों की अवैध संपत्ति के खिलाफ यह सबसे बड़ी जब्ती की कार्रवाई बताई जा रही है।

शिमला पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ उससे अर्जित कथित अवैध कमाई और संपत्तियों पर भी शिकंजा कसने की रणनीति अपनाई जा रही है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें