मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला पुलिस ने नशा तस्करों की ₹1.13 करोड़ की अवैध संपत्ति की जब्त; इनोवा, स्कॉर्पियो, रॉयल एनफील्ड और दो मंजिला मकान फ्रीज

सार

नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए शिमला पुलिस ने एक बहुत बड़ा और कड़ा अभियान छेड़ा है। पुलिस ने ड्रग्स के 'सप्लाई और डिमांड' दोनों नेटवर्क पर एक साथ प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।

3 मिनट
शिमला पुलिस ने नशा तस्करों की ₹1.13 करोड़ की अवैध संपत्ति की जब्त; इनोवा, स्कॉर्पियो, रॉयल एनफील्ड और दो मंजिला मकान फ्रीज

शिमला:

नशा तस्करों की कमर तोड़ने के लिए शिमला पुलिस ने एक बहुत बड़ा और कड़ा अभियान छेड़ा है। पुलिस ने ड्रग्स के 'सप्लाई और डिमांड' दोनों नेटवर्क पर एक साथ प्रहार करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। शिमला पुलिस ने नशे की काली कमाई से अर्जित करीब 1 करोड़ 13 लाख रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।

एएसपी मुख्यालय अभिषेक ने बताया कि साल 2026 में अब तक एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत 134 मुकदमे दर्ज कर 286 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज पर काम करते हुए पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, भारत-नेपाल बॉर्डर और केरल जैसे राज्यों से 42 बड़े सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।

मामला 1: कुमारसैन पुलिस की कार्रवाई, नेपाल कनेक्शन और ₹53 लाख की संपत्ति फ्रीज

पुलिस ने थाना कुमारसैन के तहत दर्ज एक मामले की वित्तीय जांच के बाद ₹53 लाख की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज किया है।

  • क्या था मामला: 10 अप्रैल 2026 को पुलिस ने नेपाल निवासी ऐन बहादुर, चक्र बहादुर और मोहन शाही से 9.028 किलोग्राम अफीम और ₹12 लाख नकद बरामद किए थे। इसके बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए पुलिस ने 12 अप्रैल को कंडाघाट की 'लक्ष्मी टी स्टॉल' से 2.039 किलोग्राम अफीम और बरामद की, जिसके बाद महिला आरोपी लक्ष्मी को भी गिरफ्तार किया गया। फिलहाल ये चारों आरोपी कैथू जेल में हैं।

  • क्या-क्या हुआ जब्त: जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ऐन बहादुर ने नशे की कमाई से Innova और Urban Cruiser गाड़ियां खरीदी थीं। वहीं महिला आरोपी लक्ष्मी ने अवैध कमाई से Royal Enfield बाइक खरीदी थी और उसके बैंक खाते में ₹5 लाख जमा मिले।

    पुलिस ने गाड़ियों, बाइक, नगदी और बैंक बैलेंस समेत कुल ₹53 लाख की संपत्ति फ्रीज कर दी है। लक्ष्मी के खिलाफ साल 2016 में भी भांग तस्करी का केस दर्ज है।

मामला 2: कोटखाई का नामी तस्कर आर्यन; बिना आय के बैंक में लाखों का खेल, ₹60 लाख की संपत्ति जब्त

दूसरी बड़ी कार्रवाई कोटखाई थाना के तहत आने वाले चिट्टा/हेरोइन तस्कर आर्यन (20) के खिलाफ की गई है। आर्यन को पुलिस ने PIT NDPS (नारकोटिक ड्रग्स की तस्करी की रोकथाम अधिनियम) के तहत निरुद्ध किया है।

  • अपराधिक इतिहास: आरोपी आर्यन साल 2023 और 2025 में भी चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा जा चुका है।

  • अवैध कमाई का पर्दाफाश: वित्तीय जांच और बैंक स्टेटमेंट (CDR) खंगालने पर पता चला कि आय का कोई वैध जरिया न होने के बावजूद आर्यन के बैंक खातों में साल 2024 में ₹23 लाख और साल 2025 में ₹25 लाख का भारी-भरकम लेनदेन हुआ था।

  • क्या-क्या हुआ जब्त: आर्यन ने चिट्टे के इस काले कारोबार से मोटी कमाई कर अपने नाम एक Scorpio गाड़ी खरीदी थी और एक दो मंजिला आलीशान मकान भी खड़ा कर लिया था। पुलिस ने उसकी इस गाड़ी और मकान सहित कुल ₹60 लाख की अवैध संपत्ति को कुर्क कर लिया है।

2024 और 2025 में भी नहीं हुई ऐसी कार्रवाई एएसपी हेडक्वार्टर अभिषेक ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शिमला पुलिस केवल तस्करों को जेल भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी आर्थिक रीढ़ तोड़ने का काम भी कर रही है।

पिछले दो सालों (2024 और 2025) में संपत्ति जब्ती की ऐसी बड़ी कार्रवाई नहीं देखी गई थी, जैसी इस बार अमल में लाई गई है। पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।

इस खबर को शेयर करें