मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पिंजौर में बैठकर ठियोग-कोटखाई में चिट्टे की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 49 ग्राम चिट्टा बरामद

सार

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा के पिंजौर से चिट्टे के मुख्य सप्लायर ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के ठिकाने से 49 ग्राम चिट्टा, 1 लाख 2 हजार 500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।

TV Incharge

3 मिनट
पिंजौर में बैठकर ठियोग-कोटखाई में चिट्टे की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 49 ग्राम चिट्टा बरामद

शिमला पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से 1.02 लाख रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन भी की बरामद, कंगना रणौत मामले की जांच प्रारंभिक चरण में

शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए हरियाणा के पिंजौर से चिट्टे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिंजौर में बैठकर हिमाचल के ठियोग और कोटखाई क्षेत्रों में नशे की सप्लाई कर रहा था।

पुलिस ने उसके ठिकाने से 49 ग्राम चिट्टा, 1 लाख 2 हजार 500 रुपये नकद और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद की है। इस मामले में अब तक कुल करीब 72 ग्राम चिट्टा बरामद किया जा चुका है।

पुलिस थाना ठियोग में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले में 12 नवंबर को पुलिस ने पपिल भूषण और सुरेश निवासी कोटखाई को 23 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिंजौर में रह रहे ओमकार उर्फ ओमी से फोन के माध्यम से चिट्टा खरीदते थे और नकद भुगतान करते थे।

इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर नशे की सप्लाई के मुख्य स्रोत की पहचान की। पुलिस टीम ने हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में दबिश देकर 15 नवंबर को ओमकार उर्फ ओमी को गिरफ्तार कर लिया। उसके ठिकाने की तलाशी के दौरान 49 ग्राम अतिरिक्त चिट्टा, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन बरामद हुई।

जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में भी पुलिस थाना ठियोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।

बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर मुख्य सप्लायरों तक पहुंच रही पुलिस

एएसपी मेहर पंवर ने बताया कि शिमला पुलिस की कार्रवाई अब केवल स्थानीय स्तर पर नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस बैकवर्ड लिंकेज विकसित कर मुख्य सप्लायरों और अंतरराज्यीय नेटवर्क तक पहुंच रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक बाहरी राज्यों से 94 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं, वर्ष 2025 में 8 और वर्ष 2024 में 15 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार हुए थे।

इसी तरह बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर वर्ष 2026 में अब तक 70 अंतरराज्यीय नेटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। इसके मुकाबले वर्ष 2025 और 2024 में चार-चार नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

कंगना रणौत मामले में जांच प्रारंभिक चरण में

कंगना रणौत मामले में दर्ज केस को लेकर एएसपी मेहर पंवर ने कहा कि यह मामला हाल ही में मिली एक शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच अभी प्रारंभिक स्तर पर है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें