दिशा समिति की बैठक को लेकर साधा निशाना, कहा- मंडी की जनता के प्रति जवाबदेही के बजाय राष्ट्रीय मीडिया की चिंता करती हैं सांसद
APMC मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया ने मंडी की सांसद कंगना रणौत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद का मंडी की जनता के जन सरोकारों से कोई वास्ता नहीं है और वे केवल अपनी व्यक्तिगत छवि चमकाने में व्यस्त हैं।
गुलेरिया ने कहा कि ऊल-जुलूल बयानबाजी के बाद अब सांसद सरकारी बैठकों में भी अधिकारियों के साथ कथित तौर पर अशिष्ट व्यवहार कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश और मंडी जिला के भाजपा नेताओं से भी स्पष्ट करने को कहा कि क्या वे सांसद के इस तरह के व्यवहार का समर्थन करते हैं।
मंडी से जारी प्रेस बयान में संजीव गुलेरिया ने हाल में मंडी में आयोजित दिशा समिति की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि बैठक के दौरान सांसद के कथित कैमरा प्रेम और व्यक्तिगत छवि निर्माण की कोशिशें देखने को मिलीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक शुरू होते ही कैमरों के सामने सांसद ने अधिकारियों से विकास कार्यों का गंभीरतापूर्वक ब्यौरा लेने और जनता से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करने के बजाय उन पर नाराजगी जताई।
राष्ट्रीय मीडिया की चिंता, जनता की जवाबदेही का जिक्र नहीं: गुलेरिया
संजीव गुलेरिया ने आरोप लगाया कि दिशा समिति की बैठक में सांसद बार-बार यह कहती नजर आईं कि उन्हें राष्ट्रीय मीडिया और दिल्ली के पत्रकारों को क्या जवाब देना है। उन्होंने कहा कि सांसद ने मंडी की जनता के प्रति अपनी जवाबदेही का एक बार भी जिक्र नहीं किया।
गुलेरिया के अनुसार, इससे यह प्रतीत होता है कि सांसद को मंडी की जनता की समस्याओं से अधिक अपनी व्यक्तिगत छवि की चिंता है। उन्होंने कहा कि यदि सांसद को मंडी संसदीय क्षेत्र और यहां के लोगों की वास्तविक चिंता होती तो वे अधिकारियों से उलझने के बजाय अपने संसदीय क्षेत्र का व्यापक दौरा करतीं और जन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस प्रयास करतीं।
दो साल बाद भी जनता का आभार नहीं जताने का लगाया आरोप
APMC चेयरमैन ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जीत के बाद करीब दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन सांसद अभी तक मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों का आभार जताने के लिए व्यापक दौरा नहीं कर पाई हैं। उन्होंने सांसद से सवाल किया कि अब तक उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के तहत कितने विधानसभा क्षेत्रों और कितनी पंचायतों का दौरा किया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद मनाली में अपने घर आने को ही संसदीय क्षेत्र का दौरा मान लेती हैं। गुलेरिया ने कहा कि वहां भी सांसद के जनता से मिलने के बजाय आराम करने की तस्वीर अधिक सामने आती है।
मंडी को घर बताने को लेकर भी साधा निशाना
संजीव गुलेरिया ने कहा कि कंगना रणौत शायद मंडी में अपना घर बताने में भी संकोच महसूस करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई और दिल्ली में रहते हुए सांसद ने मनाली को ही हमेशा अपना घर बताया है। गुलेरिया ने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में उनका मंडी की जनता और उनकी समस्याओं से कितना जुड़ाव हो सकता है।
अधिकारियों से कथित अशिष्ट व्यवहार पर माफी की मांग
APMC चेयरमैन ने सांसद कंगना रणौत से सरकारी बैठकों में अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति कथित अशिष्ट आचरण तथा असंसदीय भाषा के इस्तेमाल के लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में काम करने वाले कर्मठ और ईमानदार अधिकारियों-कर्मचारियों में बड़ी संख्या में हिमाचली युवा भी शामिल हैं और उनके प्रति सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।
गुलेरिया ने भाजपा नेताओं से भी मांगा जवाब
संजीव गुलेरिया ने प्रदेश और मंडी जिला के भाजपा नेताओं से भी सवाल किया कि क्या वे सांसद के कथित व्यवहार का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने और अधिकारियों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने सांसद से मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम करने की मांग की।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube