मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन, नीति बनाने और नौकरी की सुरक्षा की उठाई मांग

सार

हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदेशभर से आए आउटसोर्स कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नौकरी की सुरक्षा, समान काम-समान वेतन और ड्यूटी के दौरान दिव्यांग या जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवारों को मुआवजा व रोजगार देने की मांग उठाई।

3 मिनट
शिमला में आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदर्शन, नीति बनाने और नौकरी की सुरक्षा की उठाई मांग

चौड़ा मैदान में प्रदेशभर से जुटे कर्मचारी बोले- 15 से 25 साल सेवा के बाद भी नहीं मिला नौकरी का भरोसा और उचित वेतन

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदेशभर से आए आउटसोर्स कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। बागवानी, बिजली बोर्ड, जल शक्ति समेत विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों ने नीति निर्माण सहित अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले 15 से 25 वर्षों से विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी नौकरी सुरक्षित नहीं है और उन्हें उचित वेतन भी नहीं मिल रहा है।

आउटसोर्स कर्मचारियों ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

हिमाचल प्रदेश संयुक्त आउटसोर्स कर्मचारी संघ के संयोजक अश्वनी शर्मा ने कहा कि संगठन ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी पूरी तरह सुरक्षित की जानी चाहिए। कर्मचारियों का कहना है कि महंगाई के मौजूदा दौर में करीब 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने ‘समान काम, समान वेतन’ के आधार पर उचित वेतन और नियमित वेतन वृद्धि देने की मांग भी उठाई।

ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वालों के परिवारों को मुआवजे की मांग

आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने ड्यूटी के दौरान शहीद या दिव्यांग हुए कर्मचारियों के परिवारों के लिए भी उचित सहायता की मांग की।

अश्वनी शर्मा ने विशेष रूप से बिजली बोर्ड के 8 कर्मचारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने या दिव्यांग होने वाले कर्मचारियों के परिवारों की स्थिति बेहद कठिन है।

उन्होंने ऐसे परिवारों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।

सरकार से नीति बनाने की उम्मीद

कर्मचारी नेता ने कहा कि उन्हें वर्तमान प्रदेश सरकार से काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निम्न वर्गों के हित में काम कर रहे हैं और मंच से आउटसोर्स कर्मचारियों के मुद्दे पर भी बात कर चुके हैं।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि सरकार के रुख को देखते हुए उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ठोस नीति का निर्माण किया जाएगा।

दो महीने का अल्टीमेटम

आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने सरकार को दो महीने का समय देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि इस अवधि में उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि इसके तहत जिलावार पदयात्रा, शिमला में बड़ी बैठक और आंदोलन किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर कर्मचारी शिमला में पड़ाव भी डाल सकते हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें