मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

शिमला में स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की अध्यक्षता

सार

शिमला में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए परेड का निरीक्षण किया और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस और भारत स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।

3 मिनट
शिमला में स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की अध्यक्षता

परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बांधा समां; शिक्षा मंत्री ने राहुल गांधी के बयान का किया समर्थन

शिमला में 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिलास्तरीय समारोह धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय महत्व का पर्व बताते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व बलिदान करने वाली महान विभूतियों को नमन किया।

समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद हिमाचल पुलिस की पुरुष और महिला जवानों की टुकड़ियों, होमगार्ड की पुरुष और महिला टुकड़ियों, यातायात पुलिस, एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स, एनएसएस बॉयज एवं गर्ल्स और भारत स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट किया।

हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड और हिमाचल प्रदेश गृह रक्षक बैंड ने भी मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।

समारोह में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने किन्नौरी नृत्य प्रस्तुत किया। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा के विद्यार्थियों ने हिमाचली नाटी पेश की। नृत्य कला केंद्र शोघी ने सोलन का गिद्दा और डाइट शामलाघाट ने नाटी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

इसके अलावा संभोता तिब्बतन विद्यालय छोटा शिमला के विद्यार्थियों ने याक नृत्य प्रस्तुत किया। जवाहर लाल नेहरू राजकीय फाइन आर्ट महाविद्यालय शिमला के विद्यार्थियों ने देशभक्ति आधारित गायन और नृत्य की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

शिक्षण संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप पर रोहित ठाकुर का बयान

वहीं, कार्यक्रम के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शिक्षण संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप से जुड़े बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में संघ के प्रचारकों को भरा गया और शिक्षा के क्षेत्र को किसी एक विचारधारा तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विचारधारा से ऊपर उठकर मेरिट को प्राथमिकता देने की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में इस तरह की भर्तियां की गई थीं, जिसका अदालत ने भी संज्ञान लिया था।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन भर्तियों के मामले में जांच की जरूरत है और सरकार इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में योग्य और प्रतिभाशाली लोगों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए तथा शिक्षा को किसी विशेष विचारधारा तक सीमित करना उचित नहीं है।

‘अर्बन नक्सल’ वाले बयान पर भी बोले शिक्षा मंत्री

लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘अर्बन नक्सल’ को खत्म करने की बात कहे जाने पर भी रोहित ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर सकारात्मक बात की जानी चाहिए।

रोहित ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के लिए गौरव और एकता का पर्व है। ऐसे अवसर पर देश और समाज को सकारात्मक संदेश देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के मौके पर लोगों को जोड़ने और देश के विकास की दिशा में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाली बातें होनी चाहिए।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें