मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

वंदे मातरम् के दो छंदों पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण, कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप: शांता कुमार

सार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने वंदे मातरम् के दो छंदों को लेकर उठे विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रवाद का मंत्र बन गया था और इसने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया।

2 मिनट
वंदे मातरम् के दो छंदों पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण, कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण का आरोप: शांता कुमार

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन का मंत्र था, करोड़ों लोगों को किया प्रेरित

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन का मंत्र बन गया था और पूरे आंदोलन के दौरान यह राष्ट्रीय उद्घोष रहा।

उन्होंने कहा कि इस गीत ने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया, लेकिन आज उसी वंदे मातरम् के दो छंदों को विवाद में डालना स्वतंत्र भारत के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

शांता कुमार ने इसके लिए कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम तुष्टीकरण के कारण देश का विभाजन हुआ, जिसमें लाखों लोगों की जान गई और करोड़ों लोग विस्थापित हुए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी ऐतिहासिक त्रासदी के बावजूद कांग्रेस के लिए मुस्लिम तुष्टीकरण आज भी महत्वपूर्ण बना हुआ है।

भगत सिंह और अशफाक उल्ला खां का दिया उदाहरण

शांता कुमार ने कहा कि शुरुआती दौर में वंदे मातरम् का पूरा गीत गाया जाता था। उन्होंने दावा किया कि फांसी के फंदे पर झूलने वाले क्रांतिकारी भगत सिंह और देशभक्त अशफाक उल्ला खां भी पूरा वंदे मातरम् गाते थे। उन्होंने कहा कि उस समय यह गीत राष्ट्रवाद का मंत्र बन चुका था।

उन्होंने कहा कि बाद में मुहम्मद अली जिन्ना ने गीत के दो छंदों पर आपत्ति जताई, क्योंकि उनमें देवी दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती का उल्लेख था। इसके बाद इन दो छंदों का सार्वजनिक रूप से गाया जाना बंद कर दिया गया।

कांग्रेस पर साधा निशाना

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय की व्यवस्था, परंपरा और सरकार के नियमों के अनुसार वंदे मातरम् का जो स्वरूप निर्धारित था, उसी का सम्मान महात्मा गांधी से लेकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तक ने किया।

उन्होंने कहा कि अब व्यवस्था और सरकार बदल चुकी है तथा कानून के माध्यम से उन दो छंदों को वंदे मातरम् गीत का हिस्सा बनाया गया है। ऐसे में आज के भारत में किसी को इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए।

शांता कुमार ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन देवियों को भारतीय संस्कृति में पूजनीय माना जाता है, उनके उल्लेख पर आज भी कांग्रेस नेताओं को आपत्ति है।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी का नाम लेते हुए सवाल उठाया कि यदि अशफाक उल्ला खां जैसे देशभक्त को पूरा वंदे मातरम् गाने पर आपत्ति नहीं थी, तो आज कांग्रेस नेताओं को इससे क्या परेशानी है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें