मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चुनाव के बीच मुख्यमंत्री के आदेश आचार संहिता का सीधा उल्लंघन : राकेश जम्बाल

सार

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्बाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा हाल ही में प्रशासनिक सचिवों की बैठक में की गई घोषणाओं पर तीखा हमला बोला है।

2 मिनट
चुनाव के बीच मुख्यमंत्री के आदेश आचार संहिता का सीधा उल्लंघन : राकेश जम्बाल

मंडी

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्बाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा हाल ही में प्रशासनिक सचिवों की बैठक में की गई घोषणाओं पर तीखा हमला बोला है।

जम्बाल ने कहा कि नगर निगम और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के बीच मुख्यमंत्री द्वारा की जा रही ये घोषणाएं न केवल चुनावी नौटंकी हैं, बल्कि आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अब पूरी तरह बौखला चुकी है और हार के डर से जनता को भ्रमित करने के लिए झूठे वादों का सहारा ले रही है।

'ढाई साल तक जनता को ठगा, अब याद आए हक'

राकेश जम्बाल ने कहा कि अगर सरकार की नीयत वास्तव में कर्मचारियों, पेंशनरों और बागवानों के हित में होती, तो उन्हें पिछले ढाई वर्षों से अपने हक के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ता।

उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री आज चतुर्थ श्रेणी पेंशनरों के एरियर, मेडिकल रीइम्बर्समेंट और MIS (Market Intervention Scheme) के भुगतान की बातें कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि हजारों पेंशनर महीनों से बिलों के भुगतान के लिए कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। जब चुनाव सिर पर आए हैं, तो सरकार को अचानक इन वर्गों की याद आ गई है।"

आर्थिक बदहाली और कर्ज के बोझ पर घेरा

विधायक ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को कर्ज के पहाड़ के नीचे दबा दिया है। एक ओर विकास कार्य ठप पड़े हैं और संस्थान बंद किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों और पेंशनरों के वैध भुगतान रोककर रखे गए।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सरकार के पास पैसा उपलब्ध था, तो पिछले ढाई साल में भुगतान क्यों नहीं किया गया? जम्बाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रशासनिक बैठकों का उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है, जिसे भाजपा चुनाव आयोग के समक्ष मजबूती से उठाएगी।

नशे के कारोबार पर सरकार को दी चुनौती

मुख्यमंत्री के 'नशा मुक्त हिमाचल' के बयानों पर तंज कसते हुए जम्बाल ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में ही प्रदेश में 'चिट्टे' का कारोबार सबसे अधिक फला-फूला है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा पीढ़ी नशे की गर्त में जा रही है और सरकार केवल बयानबाजी कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है।

जम्बाल ने दावा किया कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस की 'झूठ की राजनीति' को समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इस 'जनविरोधी' सरकार को करारा जवाब देगी।

इस खबर को शेयर करें