मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

डंगार संस्कृत कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद, मंत्री राजेश धर्माणी ने की कई घोषणाएं

सार

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने राजकीय संस्कृत महाविद्यालय डंगार में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज परिसर में 5 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाने, ई-लाइब्रेरी के लिए पर्याप्त धनराशि देने, हैंडपंप स्थापित करने और कंप्यूटर स्किल ट्रेनिंग शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने संस्कृत विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक और अंग्रेजी भाषा का ज्ञान हासिल करने की सलाह दी।

4 मिनट
डंगार संस्कृत कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद, मंत्री राजेश धर्माणी ने की कई घोषणाएं

5 सोलर स्ट्रीट लाइट और ई-लाइब्रेरी के लिए धनराशि का ऐलान, कंप्यूटर स्किल ट्रेनिंग व जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देने की घोषणा

नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने राजकीय संस्कृत महाविद्यालय डंगार में विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक, बौद्धिक और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और कॉलेज के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं।

5 सोलर स्ट्रीट लाइट और ई-लाइब्रेरी की घोषणा

विद्यार्थियों की मांग पर मंत्री ने महाविद्यालय परिसर में 5 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने तथा ई-लाइब्रेरी के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आधुनिक अध्ययन सुविधाओं से विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर सुविधा मिलेगी।

महाविद्यालय के नाम के साथ ‘श्री सरस्वती’ शब्द जोड़ने की मांग पर उन्होंने प्रस्ताव भेजने को कहा, ताकि इसे प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जा सके।

हैंडपंप और संगीत वाद्ययंत्र भी मिलेंगे

राजेश धर्माणी ने कॉलेज में संगीत वाद्ययंत्र उपलब्ध करवाने तथा पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए परिसर में हैंडपंप स्थापित करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर स्किल ट्रेनिंग का विशेष पाठ्यक्रम भी संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यार्थियों के भविष्य के लिए कैरियर काउंसलिंग पर भी विशेष जोर दिया।

25 लाख से चल रहा कॉलेज का जीर्णोद्धार

मंत्री ने बताया कि कॉलेज के जीर्णोद्धार कार्यों के लिए प्रदेश सरकार ने 25 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इनमें से करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए एफआरए का मामला संबंधित विभाग के माध्यम से आगे बढ़ाने की बात कही। कॉलेज में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट्स एंड गाइड की यूनिट स्थापित करने का मामला भी सरकार के समक्ष रखने की घोषणा की।

जरूरतमंद विद्यार्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप

राजेश धर्माणी ने अपनी ओर से हर वर्ष तीन जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देने की घोषणा की। इनमें दो छात्राएं शामिल होंगी।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और आधुनिक तकनीकी ज्ञान पर भी ध्यान देना चाहिए।

संस्कृत के साथ अंग्रेजी और कंप्यूटर का ज्ञान जरूरी

मंत्री ने कहा कि संस्कृत विश्व की सबसे प्राचीन और ज्ञान-विज्ञान से समृद्ध भाषाओं में से एक है। भारतीय ज्ञान परंपरा को समझने के लिए संस्कृत का अध्ययन महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि आधुनिक दौर में बेहतर संस्कृत विद्वान बनने के लिए संस्कृत के साथ अंग्रेजी भाषा और कंप्यूटर तकनीक का ज्ञान भी हासिल करें। उन्होंने कहा कि संस्कृत के विद्यार्थी भारतीय संस्कृति के सशक्त ब्रांड एम्बेसडर बन सकते हैं।

मोबाइल का इस्तेमाल ज्ञान अर्जन के लिए करें

राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों से कहा कि मोबाइल फोन का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए न करें, बल्कि इसे ज्ञान अर्जित करने और सीखने का माध्यम बनाएं।

उन्होंने संस्कृत शिक्षा में संगीत के महत्व पर भी प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को धार्मिक गुरुओं एवं महान विभूतियों की जीवनियों का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि अध्यात्म समाज को जोड़ने का काम करता है और घृणा, द्वेष व वैमनस्य जैसी नकारात्मक भावनाओं को दूर कर सद्भाव, दया और करुणा को मजबूत करता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से शारीरिक स्वास्थ्य, अच्छे साहित्य के अध्ययन और प्रभावी संवाद कौशल पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री या डिप्लोमा हासिल करना नहीं, बल्कि विषय का गहन ज्ञान प्राप्त कर खुद को कुशल और सक्षम बनाना होना चाहिए।

सीर उत्सव में संस्कृत विद्यार्थी करेंगे मंत्रोच्चारण

राजेश धर्माणी ने कहा कि जिला स्तरीय सीर उत्सव में संस्कृत विद्यार्थियों को मंत्रोच्चारण प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मंत्री से उनके जीवन, राजनीतिक सफर और संवाद कार्यक्रम शुरू करने की प्रेरणा से जुड़े सवाल पूछे। मंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

25 सितंबर तक लिखना होगा निबंध

संवाद सत्र के दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों को ‘आज से पांच या दस वर्ष बाद मैं स्वयं को किस स्थान पर देखना चाहता हूं’ विषय पर 25 सितंबर तक निबंध लिखने के लिए कहा।

इनमें से सर्वश्रेष्ठ 10 निबंधों का चयन किया जाएगा और आगामी जिला स्तरीय सीर उत्सव में विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने विद्यार्थियों को नशा मुक्त हिमाचल के तहत शपथ भी दिलाई। इससे पहले कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप शर्मा ने मंत्री राजेश धर्माणी का स्वागत किया। इस अवसर पर कॉलेज के अध्यापक भी मौजूद रहे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें