मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

CM सुक्खू के बड़े ऐलान: 4,000 सरकारी पद भरेंगे, 1.80 लाख परिवारों के लिए 2 अक्टूबर से शुरू होगी ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना

सार

हिमाचल प्रदेश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने जल शक्ति विभाग में 4,000 पद भरने, 1.80 लाख जरूरतमंद परिवारों के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना शुरू करने और महिलाओं-बच्चों के पोषण के लिए ‘इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना’ का पायलट चरण 2 अक्टूबर से शुरू करने का ऐलान किया।

4 मिनट
CM सुक्खू के बड़े ऐलान: 4,000 सरकारी पद भरेंगे, 1.80 लाख परिवारों के लिए 2 अक्टूबर से शुरू होगी ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 20 हजार रुपये अतिरिक्त भुगतान, पेंशनरों के बकाये का 15 से 35 प्रतिशत मिलेगा; 100 नए CBSE स्कूल और डेयरी क्षेत्र में 150 करोड़ के निवेश की घोषणा

बड़सर, 15 अगस्त। हिमाचल प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस राज्य स्तरीय समारोह हमीरपुर जिले के बड़सर में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कर्मचारियों, पेंशनरों, युवाओं, महिलाओं, बच्चों, किसानों और ग्रामीण परिवारों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ा ऐलान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को इसी माह वेतन बकाया के रूप में अतिरिक्त 20,000 रुपये का भुगतान किया जाएगा। वर्ष 2016 से 2021 के बीच सेवानिवृत्त हुए तृतीय श्रेणी के पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को पेंशन बकाये का 35 प्रतिशत, जबकि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के पेंशनरों एवं पारिवारिक पेंशनरों को 15 प्रतिशत

भुगतान इसी माह किया जाएगा। इन भुगतानों पर सरकार 281 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

जल शक्ति विभाग में 4,000 पद भरने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 4,000 पद भरने की घोषणा की। इसके साथ ही अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेशभर में 100 नए CBSE स्कूल खोलने का भी ऐलान किया गया।

आशा कार्यकर्ताओं और NHM कर्मचारियों को राहत

मुख्यमंत्री ने NHM हिमाचल प्रदेश के तहत कार्यरत करीब 9,000 आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन 5,800 रुपये से बढ़ाकर 6,800 रुपये करने की घोषणा की। वहीं, सात वर्ष की सेवा पूरी कर चुके पात्र NHM कर्मचारियों को 1 अप्रैल 2026 से संशोधित वेतन दिया जाएगा।

NHM के तहत आउटसोर्स स्टाफ नर्सों, फार्मासिस्टों, ऑपरेशन थिएटर सहायकों और प्रयोगशाला तकनीशियनों के लिए 25,000 रुपये प्रतिमाह तथा डेटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए 18,000 रुपये प्रतिमाह संशोधित पारिश्रमिक की घोषणा की गई है। यह संशोधन 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगा।

2 अक्टूबर से ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना

मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना शुरू करने की घोषणा की। राज्य में करीब 19 लाख परिवारों के सर्वेक्षण के बाद लगभग 1.80 लाख परिवारों की पहचान ऐसे परिवारों के रूप में की गई है जिन्हें सरकार से अधिक सहायता और ध्यान की आवश्यकता है।

योजना 2 अक्टूबर से शुरू होगी और अगले दो वर्षों में इन परिवारों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विशेष तंत्र विकसित किया जाएगा।

महिलाओं और बच्चों के पोषण के लिए नई योजना

सरकार ‘इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना’ का पायलट चरण 2 अक्टूबर से प्रदेश के 21 ICDS ब्लॉकों में शुरू करेगी। छह महीने बाद इसकी समीक्षा की जाएगी और परिणामों के आधार पर इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। योजना के तहत माताओं, महिलाओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के पोषण सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।

डेयरी क्षेत्र में दो साल में 150 करोड़ खर्च

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा के ढगवार में करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा अगले दो वर्षों में सोलन, ऊना, सिरमौर, शिमला, मंडी, कुल्लू और हमीरपुर जिलों में दुग्ध प्रसंस्करण ढांचे पर 150 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

किसानों और बागवानों पर भी सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल देश का पहला राज्य बनने जा रहा है जो एक समर्पित बागवानी नीति लागू करेगा। इससे करीब 82,200 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। सेब की पैकेजिंग के लिए यूनिवर्सल कार्टन को अनिवार्य करने से बागवानों को बेहतर दाम मिलने में मदद मिली है।

पेयजल, पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 2,000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना लागू की जा रही है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंडी में माता बगलामुखी रोपवे जनता को समर्पित किया गया है, जबकि चिंतपूर्णी और बाबा बालक नाथ मंदिर में भी रोपवे निर्माण किया जाएगा।

स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार सभी मेडिकल कॉलेजों के साथ चमियाणा अस्पताल में भी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। सरकारी संस्थानों में यह सुविधा करीब 30,000 से 80,000 रुपये की लागत में उपलब्ध करवाई जा रही है।

नशा मुक्त हिमाचल अभियान का दूसरा चरण 7 सितंबर से

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ‘चिट्टा-मुक्त हिमाचल अभियान’ का दूसरा चरण 7 सितंबर 2026 से ऊना में शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा-मुक्त अभियान’ भी शुरू किया जाएगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

Himachal Pradesh News, CM Sukhvinder Singh Sukhu, Himachal News, 4000 Jal Shakti Posts, Apna Parivar Sukhi Parivar, Indira Gandhi Matri Shishu Sankalp Yojana, Himachal Government Jobs, Pensioners Arrears, 100 CBSE Schools, Dairy Processing Himachal, Independence Day 2026, Barsar News, Hamirpur News

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें