मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

पांवटा साहिब में जल शक्ति विभाग के पंप हाउस चोरों के निशाने पर, 3 साल में 2 करोड़ से ज्यादा की चोरी

सार

सिरमौर के पांवटा साहिब में जल शक्ति विभाग के पंप हाउसों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। विभाग के अनुसार, पिछले करीब ढाई से तीन वर्षों में दो करोड़ रुपये से अधिक का सामान चोरी हो चुका है। लगातार हो रही वारदातों से पेयजल और सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

TV Incharge

2 मिनट
पांवटा साहिब में जल शक्ति विभाग के पंप हाउस चोरों के निशाने पर, 3 साल में 2 करोड़ से ज्यादा की चोरी

लगातार वारदातों से पेयजल और सिंचाई योजनाएं प्रभावित, कर्मचारी की मुस्तैदी से टली चोरी; मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हुए चोर

पांवटा साहिब उपमंडल में जल शक्ति विभाग के पंप हाउस चोरों के निशाने पर हैं। पिछले करीब तीन वर्षों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विभाग के अनुसार, इस अवधि में दो करोड़ रुपये से अधिक का सामान चोरी हो चुका है। हैरानी की बात यह है कि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक चोरों का पता नहीं चल पाया है।

जल शक्ति विभाग पांवटा साहिब के अधिशासी अभियंता जेएस ठाकुर ने बताया कि पिछले करीब अढ़ाई वर्षों में विभाग के अलग-अलग पंप हाउसों से दो करोड़ रुपये से अधिक की चोरी हुई है।

इन घटनाओं को लेकर पुलिस थानों में शिकायतें दर्ज करवाई गई हैं, लेकिन अभी तक कोई भी चोर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी से विभाग की पेयजल और सिंचाई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।

जेएस ठाकुर के अनुसार, बीते दिनों एक गिरोह उत्तराखंड नंबर की गाड़ी लेकर किलोड़ पंप हाउस में चोरी करने पहुंचा था। हालांकि, विभागीय कर्मचारी की मुस्तैदी और स्थानीय लोगों के सहयोग से चोरी की वारदात को टाल दिया गया। इस दौरान आरोपी मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। गाड़ी पुलिस के हवाले कर दी गई है और मामले की शिकायत भी दर्ज करवाई गई है।

उन्होंने बताया कि चोर पंप हाउसों से मोटरें, ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉयल, तांबे की तारें और अन्य जरूरी मशीनरी चोरी कर रहे हैं। इन घटनाओं के कारण विभाग की कई पेयजल और सिंचाई योजनाएं ठप हो रही हैं। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए विभाग ने पुलिस से चोरों का पता लगाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • पांवटा साहिब
  • जल शक्ति विभाग
  • पंप हाउस चोरी
  • पेयजल योजना
  • सिंचाई योजना
  • चोरी

इस खबर को शेयर करें