चगांव नाले के समीप 100 मीटर गहरी खाई में गिरकर सतलुज नदी में समाई ऑल्टो कार, कई घंटे बाद चला हादसे का पता।
जिले के टापरी क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर पुराना टापरी के समीप चगांव नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए सतलुज नदी में समा गई। हादसा सुबह करीब तीन बजे हुआ, लेकिन इसकी जानकारी कई घंटे बाद मिल सकी।
सुबह करीब 11:40 बजे एक राहगीर ने सतलुज नदी में वाहन का बोनट और टायर देखा, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टापरी पुलिस, जिला आपदा प्रबंधन और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची।
उपमंडलाधिकारी भावानगर नेहा नेगी और पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तीनों शवों को नदी से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल भावानगर पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मृतकों की पहचान चंद्र कुमार (41) निवासी थैमगारंग, सांगला, अमृत सिंह निवासी थैमगारंग, सांगला और बल्लू राम (36) निवासी चौरठ, तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube