सोलन से कालका की ओर जा रहा था ट्रक, दुर्घटना के बाद कुछ समय बाधित रहा यातायात; गनीमत रही कि कोई हताहत नहीं हुआ
राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में कुमारहट्टी के समीप सोलन से कालका की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, यदि ट्रक की चपेट में कोई अन्य वाहन या राहगीर आ जाता, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।
जानकारी के अनुसार, ट्रक सोलन से कालका की दिशा में जा रहा था। कुमारहट्टी के समीप पहुंचने पर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक को नुकसान पहुंचा, जबकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि परवाणू-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही भी काफी अधिक रहती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube