आर्मी स्कूल डगशाई, एसडीएम कार्यालय कसौली, नगर निगम सोलन समेत कई संस्थानों को मिली धमकी; पुलिस ने बढ़ाई नाइट पेट्रोलिंग, जांच जारी।
जिला सोलन में ईमेल के जरिए ब्लास्ट की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। धमकी भरे ईमेल में आर्मी स्कूल डगशाई, एसडीएम कार्यालय कसौली, नगर निगम सोलन और कुछ अन्य स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने सभी संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी तेज कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक एसडी वर्मा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि धमकी मिलने के बाद नाइट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है तथा थाना प्रभारियों (SHO) को स्कूलों और संवेदनशील क्षेत्रों के आसपास नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा सभी संबंधित संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।
एसपी ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है। फिलहाल पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है, लेकिन मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube