जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 9 आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई; सप्लाई चेन के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 31 जुलाई से 1 अगस्त 2026 के बीच महज 24 घंटे में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चिट्टा (हेरोइन) बरामदगी के पांच मामले दर्ज किए गए। इन मामलों में कुल 43.57 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर 9 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान की गई। वोल्वो बस की तलाशी में पंजाब के फरीदकोट निवासी तरसेम सिंह के कब्जे से 15.40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दूसरी कार्रवाई तुनू फोरलेन पर हुई, जहां मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों के पास से 9.01 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
तीसरे मामले में थाना भराड़ी क्षेत्र के डुमेहर में एक पिकअप वाहन की तलाशी के दौरान 8.24 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। वहीं थाना घुमारवीं पुलिस ने मझासू (कंदरौर) के पास वोल्वो बस की जांच के दौरान एक युवक के कब्जे से 8.72 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा थाना बरमाणा पुलिस ने गसौड़ क्षेत्र में गश्त के दौरान तीन युवकों से 2.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
इन सभी पांच मामलों में कुल 43.57 ग्राम हेरोइन बरामद कर 9 आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब इन मामलों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है, ताकि नशे की सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय मुख्य तस्करों तक पहुंचा जा सके।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि बिलासपुर पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए हर स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube