हिमफेड के माध्यम से इंडियन पोटाश लिमिटेड की सप्लाई पहुंची, एनएफएल की खेप भी जल्द आने की उम्मीद; किसानों से धैर्य बनाए रखने की अपील।
खरीफ सीजन के दौरान यूरिया खाद की कमी का सामना कर रहे किसानों के लिए राहत भरी खबर है। हिमफेड के माध्यम से इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) की यूरिया खाद की दूसरी खेप सिरमौर जिले में पहुंच गई है। इसके साथ ही विभिन्न बिक्री केंद्रों पर किसानों को यूरिया का वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
हिमफेड के जिला निदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि जिले के सभी केंद्रों पर उपलब्ध स्टॉक के अनुसार किसानों को यूरिया खाद उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने किसानों से घबराने की बजाय धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) की यूरिया खेप भी जल्द मिलने की संभावना है। इसके आने के बाद जिले में खाद की उपलब्धता और बेहतर हो जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि पांवटा साहिब केंद्र में 540 बैग, टिंबी में 1340 बैग, नाहन में 340 बैग, सराहां में 560 बैग, गिरिपुल में 740 बैग तथा नौहराधार में 270 बैग यूरिया पहुंच चुकी है। वहीं धामला, संगड़ाह और जमटा केंद्रों पर अभी खाद की आपूर्ति नहीं हुई है, लेकिन अगले एक-दो दिनों में वहां भी यूरिया उपलब्ध करा दी जाएगी।
राजीव ठाकुर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसके बावजूद उपलब्ध खाद को प्राथमिकता के आधार पर किसानों तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि खरीफ फसलों की बुवाई और खेती पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि हिमफेड के माध्यम से आम लोगों को रियायती दरों पर सीमेंट उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। मौसम अनुकूल होते ही सीसीआई सीमेंट किसानों और उपभोक्ताओं को 345 रुपये प्रति बैग की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube