राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने किया उद्घाटन, 2020 के बाद सीमा पार व्यापार को दिखाई हरी झंडी; स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद।
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को पूह उपमंडल की सीमावर्ती ग्राम पंचायत नमज्ञा में 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से निर्मित छुप्पन ट्रेड मार्ट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 2020 के बाद शिपकी ला के माध्यम से सीमा पार व्यापार को भी हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से शुरू किया।
मंत्री ने स्थानीय व्यापारियों से अपील की कि वे केंद्र सरकार के वाणिज्य विभाग द्वारा निर्धारित आयात-निर्यात नियमों का पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से पालन करें। पूह व्यापार मंडल की ओर से आयात-निर्यात वस्तुओं का दायरा बढ़ाने की मांग पर उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के समक्ष
रखा जाएगा, ताकि विदेश मंत्रालय के माध्यम से चीन सरकार के साथ इस विषय पर आवश्यक संवाद किया जा सके।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि शिपकी ला से सीमा पार व्यापार शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और दुर्गम क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान नमज्ञा की प्रधान अंजलि नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने स्थानीय लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नमज्ञा और टाशीगंग महिला मंडलों ने पारंपरिक किन्नौरी लोक नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग भी बिखेरे।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र सिंह ठाकुर, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक विक्रम सिंह नेगी, एपीएमसी शिमला-किन्नौर के निदेशक प्रेम नेगी, निचार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल नेगी, जिला कांग्रेस महासचिव निर्मल चंद्र नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube