मुख्यमंत्री शहरी विकास गारंटी योजना के तहत केवल 22 दिन काम मिलने से नाराज महिलाओं ने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह से लगाई गुहार, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी।
मुख्यमंत्री शहरी विकास गारंटी योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार की मांग को लेकर शनिवार को नगर परिषद सुजानपुर क्षेत्र की मनरेगा से जुड़ी महिलाओं ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि योजना के तहत उन्हें 125 दिनों के रोजगार का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक केवल 22 दिन ही काम उपलब्ध कराया गया है। इसके बाद रोजगार नहीं मिलने से उनके परिवारों की आजीविका प्रभावित हो रही है और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
महिलाओं का कहना है कि पहले योजना के तहत उन्हें नियमित रूप से रोजगार मिलता था, लेकिन अब नगर परिषद प्रशासन काम देने में आनाकानी कर रहा है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री शहरी विकास गारंटी योजना के प्रावधानों के अनुसार सभी पात्र लाभार्थियों को 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाए तथा इस संबंध में स्पष्ट जानकारी भी दी जाए।
प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने सुजानपुर विश्राम गृह में विधायक कैप्टन रणजीत सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने विधायक से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द समाधान करवाने की मांग की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें नियमानुसार रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे अपना आंदोलन और अधिक तेज करेंगी।
वहीं, नगर परिषद सुजानपुर के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शहरी विकास गारंटी योजना के तहत रोजगार नियमों और उपलब्ध कार्यों के अनुसार ही दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मामले को नियमानुसार देखा जा रहा है और जैसे-जैसे नए कार्य उपलब्ध होंगे, पात्र श्रमिकों को उसी आधार पर रोजगार प्रदान किया जाएगा।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube