मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

रिवालसर में शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला, जनप्रतिनिधियों को दिया प्रशिक्षण

सार

अमृत 2.0 के तहत रिवालसर में दो दिवसीय एकीकृत क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें मंडी जिले के चार शहरी स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिक सेवाओं से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

TV Incharge

2 मिनट
रिवालसर में शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कार्यशाला, जनप्रतिनिधियों को दिया प्रशिक्षण

अमृत 2.0 के तहत दो दिवसीय एकीकृत क्षमता निर्माण कार्यक्रम शुरू, चार शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि ले रहे हिस्सा

अटल मिशन फॉर रिजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (अमृत 2.0) के तहत दो दिवसीय ‘एकीकृत क्षमता निर्माण कार्यक्रम’ का सोमवार को रिवालसर में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ-गवर्नमेंट द्वारा हिमाचल प्रदेश शहरी विकास विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की निर्णय क्षमता को बढ़ाना, उन्हें शहरी विकास की प्रमुख प्राथमिकताओं से अवगत कराना तथा अमृत 2.0 के तहत संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उनकी भूमिका को और मजबूत करना है।

कार्यक्रम में मंडी जिले के चार शहरी स्थानीय निकायों—नगर परिषद सुंदरनगर, नगर परिषद नेरचौक, नगर परिषद सरकाघाट और नगर पंचायत रिवालसर—के निर्वाचित जनप्रतिनिधि सहभागिता कर रहे हैं।

प्रशिक्षण के पहले दिन स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, शहरी सेवाओं की प्रभावी निगरानी, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और उत्तरदायी सेवाएं उपलब्ध कराने में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर जोर दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान शहरी जल प्रबंधन, जल सुरक्षा एवं संरक्षण, शहरी सेवाओं के प्रभावी प्रबंधन तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

मुख्य प्रशिक्षक डॉ. केतना अतुल मटकर ने कहा कि किसी भी शहर के पारदर्शी, सतत और संतुलित विकास की नींव वहां के जनप्रतिनिधियों की सजगता और कार्यकुशलता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों का नीतिगत एवं तकनीकी रूप से दक्ष होना बेहद आवश्यक है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • शहरी विकास
  • अमृत 2.0
  • कार्यशाला
  • जनप्रतिनिधि
  • जल प्रबंधन
  • नागरिक सहभागिता
  • सतत विकास
  • स्थानीय निकाय

इस खबर को शेयर करें