कांगड़ा के दूरस्थ गांव कुआली की खिलाड़ी ने नेपाल के पोखरा में आयोजित SBKF अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 86 किलोग्राम वर्ग में 182 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता।
जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की खुंडियां तहसील के दूरस्थ गांव कुआली की होनहार बेटी रक्षा राणा ने नेपाल के पोखरा स्थित रंगशाला स्टेडियम में आयोजित संयुक्त भारतीय खेल फाउंडेशन (SBKF) की अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
23 से 27 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में रक्षा ने 86 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 182 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीतते हुए हिमाचल प्रदेश और पूरे देश का गौरव बढ़ाया।
बेहद साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली रक्षा राणा पिछले चार वर्षों से चंडीगढ़ में नौकरी के साथ-साथ कठिन परिस्थितियों के बीच नियमित अभ्यास कर रही हैं। इससे पहले उन्होंने जून माह में धर्मशाला में आयोजित SBKF राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सफलता हासिल कर उन्होंने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
रक्षा राणा ने अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय सबसे पहले अपनी माता को दिया, जिनके त्याग, विश्वास और प्रोत्साहन ने हर कठिन परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने अपने दिवंगत पिता को भी याद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा हमेशा उनके साथ रही।
रक्षा ने अपने प्रशिक्षकों, परिवार, शुभचिंतकों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उनकी यह सफलता प्रदेश की बेटियों और देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube