7 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी, 20 जून से 1 अगस्त तक प्रदेश में सामान्य से 6% कम बारिश दर्ज
हिमाचल प्रदेश में मानसून के बीच लगातार हो रही बारिश से कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में शनिवार को बारिश का दौर जारी रहा।
शिमला जिले के कुमारसैन में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कांगड़ा जिले के धर्मशाला में लैंडस्लाइड की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र की कोटीघाट पंचायत के रोपा वार्ड में शुक्रवार रात भारी बारिश के बाद भूस्खलन हुआ। मलबा और चट्टानें गिरने से स्थानीय निवासी रामानंद का मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उनका परिवार बेघर हो गया। वहीं, बागवान ज्योतिराम के करीब 35 सेब के पौधे नष्ट हो गए। आसपास के कई अन्य बागवानों के डंगे और सेब के पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है।
रामपुर में पत्थर गिरने से बैल की मौत, वाहन क्षतिग्रस्त
रामपुर बुशहर के डंसा क्षेत्र में आपदा प्रभावित सुंडा-सनेई सड़क पर शनिवार सुबह फिर भूस्खलन हुआ। अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक बैल की मौत हो गई। इसी दौरान जगूणी से रामपुर जा रहे एक पिकअप वाहन पर भी पत्थर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक और वाहन में सवार अन्य लोग सुरक्षित रहे।
धर्मशाला में लैंडस्लाइड, दो युवक घायल
कांगड़ा जिले के धर्मशाला में कोतवाली बाजार-खनियारा मार्ग पर चरान खड्ड पुल के पास हुए भूस्खलन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घायलों में ललित की हालत गंभीर होने पर उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री आवास के पास गिरे तीन पेड़
लगातार बारिश के बीच शिमला में मुख्यमंत्री आवास ओकओवर के समीप तीन पेड़ गिर गए। घटना के समय वहां से गुजर रहे राहगीर बाल-बाल बच गए। सूचना मिलने पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटाया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
7 अगस्त तक येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हिमाचल प्रदेश के लिए 7 अगस्त तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार:
3 अगस्त: कांगड़ा और मंडी जिलों में भारी बारिश की संभावना।
4 अगस्त: ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी ढलानों से दूर रहने की अपील की है।
मानसून में अब तक सामान्य से 6% कम बारिश
20 जून से 1 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश में 345 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 366 मिमी वर्षा सामान्य मानी जाती है। इस प्रकार प्रदेश में अब तक 6 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
जिलावार वर्षा की स्थिति
कम बारिश: बिलासपुर (10%), हमीरपुर (41%), कांगड़ा (16%), लाहौल-स्पीति (48%), मंडी (22%), सिरमौर (9%)
सामान्य से अधिक बारिश: चंबा (23%), किन्नौर (34%), कुल्लू (26%), शिमला (25%)
सामान्य बारिश: सोलन और ऊना
शनिवार को कहां कितनी बारिश हुई?
जिला वर्षा (मिमी)
शिमला 36
धर्मशाला 27
चंबा 26
मंडी 22
कांगड़ा 16
नाहन 9
follow us on facebook
subscribe to us on youtube