मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अनुपमा शर्मा ने लोगों से स्वच्छ पानी पीने, साफ-सफाई रखने और बीमारी या सर्पदंश की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की।
बरसात का मौसम राहत के साथ-साथ कई संक्रामक बीमारियों और सर्पदंश जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ा देता है। इसे देखते हुए सिविल अस्पताल नूरपुर ने लोगों के लिए विशेष स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की है। अस्पताल की मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अनुपमा शर्मा ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है।
डॉ. अनुपमा शर्मा ने बताया कि मानसून के दौरान पीलिया, डायरिया, उल्टी-दस्त और अन्य जलजनित बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ते हैं। दूषित पानी और अस्वच्छ भोजन इन बीमारियों का प्रमुख कारण होते हैं। उन्होंने लोगों को केवल स्वच्छ और सुरक्षित पानी पीने, ताजा भोजन करने तथा व्यक्तिगत और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दस्त, उल्टी, बुखार या पीलिया के लक्षण दिखाई दें, तो घरेलू उपचार में समय बर्बाद करने के बजाय तुरंत अस्पताल जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। समय पर उपचार मिलने से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है।
सर्पदंश होने पर झाड़-फूंक नहीं, तुरंत अस्पताल जाएं
डॉ. शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप और अन्य विषैले जीवों के काटने की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू नुस्खों पर भरोसा न करें, क्योंकि इससे मरीज की जान को खतरा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि सर्पदंश की स्थिति में मरीज को बिना किसी देरी के सीधे अस्पताल लाया जाए, जहां एंटी-स्नेक वेनम सहित सभी आवश्यक उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
डॉ. अनुपमा शर्मा ने लोगों से बरसात के मौसम में सतर्क रहने, स्वच्छता अपनाने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी लक्षण को नजरअंदाज न करने की अपील की है।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube