मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

भाजपा नेता कौल नेगी का SC प्रमाणपत्र रद्द, SDM कोर्ट ने 2022 का आदेश किया निरस्त; पीएस ड्रैक ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

सार

हिमाचल प्रदेश के रामपुर विधानसभा क्षेत्र से 2022 में भाजपा प्रत्याशी रहे कौल नेगी के अनुसूचित जाति (SC) प्रमाणपत्र का मामला फिर सुर्खियों में है। एसडीएम कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए वर्ष 2022 के आदेश को निरस्त कर दिया है। सेवानिवृत्त IAS अधिकारी पीएस ड्रैक ने शिमला में प्रेसवार्ता कर भाजपा और कौल नेगी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रमाणपत्र की वैधता को लेकर पहले भी सवाल उठाए गए थे।

TV Incharge

4 मिनट
भाजपा नेता कौल नेगी का SC प्रमाणपत्र रद्द, SDM कोर्ट ने 2022 का आदेश किया निरस्त; पीएस ड्रैक ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

रामपुर के पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी पीएस ड्रैक ने शिमला में प्रेसवार्ता कर उठाए सवाल, बोले- आरक्षित सीट पर चुनाव लड़वाकर रामपुर की जनता के साथ हुआ धोखा

हिमाचल प्रदेश के रामपुर विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 में भाजपा के प्रत्याशी रहे कौल नेगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। उनके अनुसूचित जाति (SC) प्रमाणपत्र को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

रामपुर तहसील से जारी अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र से जुड़े मामले में एसडीएम कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए वर्ष 2022 में पारित आदेश को निरस्त कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रमाणपत्र की वैधता को लेकर राजनीतिक विवाद फिर गहरा गया है।

मामले के अनुसार, किन्नौर जिले के नानस्पो गांव निवासी कौल नेगी को रामपुर तहसील से अनुसूचित जाति का प्रमाणपत्र जारी किया गया था। प्रमाणपत्र जारी करने वाले अधिकारी के क्षेत्राधिकार और आवेदन के साथ प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के सत्यापन को लेकर आपत्तियां उठाई गई थीं। प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए गए थे।

पीएस ड्रैक ने भाजपा और कौल नेगी पर लगाए गंभीर आरोप

रामपुर के पूर्व भाजपा प्रत्याशी एवं सेवानिवृत्त IAS अधिकारी पीएस ड्रैक ने सोमवार को शिमला में प्रेसवार्ता कर भाजपा और कौल नेगी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि रामपुर तहसील से वर्ष 2022 में जारी कौल सिंह नेगी का अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र एसडीएम कोर्ट ने अवैध मानते हुए निरस्त कर दिया है।

पीएस ड्रैक ने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कौल सिंह नेगी को रामपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। उस समय उनके अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र की वैधता को लेकर तहसीलदार और सहायक निर्वाचन अधिकारी (SDM) के समक्ष आपत्तियां दर्ज करवाई गई थीं।

हालांकि, उनके अनुसार उस समय सभी आपत्तियां खारिज कर दी गई थीं और तहसीलदार के आदेश के खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका भी स्वीकार नहीं हुई थी।

इसके बाद वर्ष 2022-23 में तत्कालीन प्रत्याशी प्रीतम देव ने एसडीएम कोर्ट में अपील दायर की। पीएस ड्रैक के अनुसार, इस अपील पर 12 अक्टूबर को फैसला सुनाया गया, जिसकी प्रति उन्हें बाद में प्राप्त हुई।

उन्होंने दावा किया कि करीब 30 पृष्ठों के विस्तृत आदेश में रामपुर तहसील से वर्ष 2022 में जारी कौल सिंह नेगी के अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र को अवैध मानते हुए निरस्त कर दिया गया है।

भाजपा ने रामपुर की जनता के साथ किया धोखा: पीएस ड्रैक

पीएस ड्रैक ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जिस प्रमाणपत्र के आधार पर कौल सिंह नेगी को विधानसभा चुनाव लड़वाया, उसकी वैधता पहले से ही विवादित थी। उन्होंने कहा कि रामपुर की जनता के साथ धोखा हुआ है। साथ ही प्रमाणपत्र जारी करवाने की प्रक्रिया में तत्कालीन सत्ता, संबंधित अधिकारियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच करवाने की मांग भी उठाई।

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति के प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे अनुसूचित जाति के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का सवाल भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए 17 विधानसभा सीटें और अनुसूचित जनजाति के लिए तीन सीटें आरक्षित हैं।

उनके अनुसार, रामपुर की आरक्षित सीट पर पात्रता को लेकर उठे सवाल राज्य में अनुसूचित जाति के प्रतिनिधित्व से जुड़ी बहस को भी प्रभावित करते हैं।

पीएस ड्रैक ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताते हुए आशंका जताई कि यदि ऐसे मामलों पर स्पष्टता नहीं लाई गई तो भविष्य में अन्य आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में भी इस तरह के विवाद सामने आ सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब चार साल पहले इस मुद्दे को उठाने वाले लोगों को दबाने और उनके खिलाफ बदले की कार्रवाई करने के प्रयास किए गए थे।

जाति के नाम को लेकर भी उठाए सवाल

पीएस ड्रैक ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में रामपुर से अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करते समय कौल सिंह नेगी ने अपनी जाति 'कोली' लिखी थी, जबकि उनके पुराने दस्तावेजों में 'किन्नौरा कोली' दर्ज था।

उन्होंने दावा किया कि जमीन के राजस्व रिकॉर्ड और शजरा नसब में उनके पिता लायक राम की जाति का विवरण मौजूद था, लेकिन आवेदन के दौरान इन तथ्यों की जानकारी नहीं दी गई। ड्रैक के अनुसार, प्रमाणपत्र जारी करने से पहले तहसीलदार को निचार के राजस्व रिकॉर्ड और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत सत्यापन करवाना चाहिए था।

अनुच्छेद 341 और 342 का भी किया उल्लेख

पीएस ड्रैक ने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की संवैधानिक सूचियां अलग-अलग हैं। संविधान के अनुच्छेद 341 और 342 के तहत इन सूचियों में बदलाव करने का अधिकार संसद को है। उन्होंने एक ही जाति को दोनों श्रेणियों का लाभ देने से जुड़े कानूनी सवाल भी उठाए और कहा कि इस मामले में वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

उन्होंने कहा कि आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने के लिए वैध प्रमाणपत्र होना जरूरी है। भविष्य में यदि कौल सिंह नेगी किसी आरक्षित विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करते हैं तो वह इस मामले को फिर से चुनौती देंगे।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें