मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

बिना ठोस वजह पति से अलग रह रही पत्नी को गुजारा भत्ता नहीं, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

सार

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने बिना उचित कारण पति से अलग रह रही पत्नी की गुजारा भत्ता याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने कहा कि सीआरपीसी की धारा 125 के तहत पर्याप्त कारण के बिना पति से अलग रहने वाली पत्नी भरण-पोषण की हकदार नहीं है। हालांकि, नाबालिग बेटे को हर महीने 5,000 रुपये भरण-पोषण के साथ शिक्षा, चिकित्सा और विवाह का खर्च मिलता रहेगा।

TV Incharge

2 मिनट
बिना ठोस वजह पति से अलग रह रही पत्नी को गुजारा भत्ता नहीं, हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका

हिमाचल हाईकोर्ट ने बिलासपुर फैमिली कोर्ट का फैसला रखा बरकरार, नाबालिग बेटे को हर महीने मिलते रहेंगे 5,000 रुपये; शिक्षा, चिकित्सा और विवाह का खर्च भी देना होगा

हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने गुजारा भत्ता से जुड़े एक मामले में अहम फैसला सुनाते हुए बिना उचित कारण पति से अलग रह रही पत्नी की याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि पत्नी पर्याप्त कारण के बिना पति से अलग रह रही है तो वह दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 125 के तहत भरण-पोषण भत्ता पाने की हकदार नहीं होगी।

न्यायाधीश अजय मोहन गोयल और न्यायाधीश योगेश जसवाल की खंडपीठ ने पत्नी की आपराधिक पुनरीक्षण याचिका खारिज करते हुए बिलासपुर फैमिली कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा है।

याचिकाकर्ता ने बिलासपुर के प्रधान न्यायाधीश (फैमिली कोर्ट) की ओर से 4 दिसंबर 2025 को सुनाए गए फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। फैमिली कोर्ट ने पति को नाबालिग बेटे के लिए 5,000 रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण देने के साथ उसकी शिक्षा, चिकित्सा और विवाह का खर्च उठाने के आदेश दिए थे।

वहीं, पत्नी को गुजारा भत्ता देने से इनकार कर दिया था। निचली अदालत ने अपने फैसले में कहा था कि पत्नी कमाने में सक्षम है और बिना किसी ठोस वजह के पति से अलग रह रही है।

पत्नी ने आय का स्वतंत्र स्रोत नहीं होने की दी दलील

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान पत्नी ने दलील दी कि उसके पास आय का कोई स्वतंत्र स्रोत नहीं है। वहीं, पति की ओर से कहा गया कि उसने ऐसी कोई परिस्थिति पैदा नहीं की थी, जिसके कारण पत्नी को घर छोड़ना पड़े।

मामले के रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद हाईकोर्ट की खंडपीठ ने पाया कि एमए और बीएड शिक्षित पत्नी पति से अलग रहने का उचित कारण साबित नहीं कर सकी। निचली अदालत में सुनवाई के दौरान पत्नी ने स्वयं स्वीकार किया था कि वह गुस्से में हिंसक होकर पति के साथ मारपीट करती थी। पति ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी।

बेटे को मिलते रहेंगे 5,000 रुपये प्रतिमाह

हाईकोर्ट ने कहा कि कानून के तहत बिना पर्याप्त कारण पति से अलग रहने वाली पत्नी भरण-पोषण भत्ता पाने की अधिकारी नहीं है। इसी आधार पर अदालत ने पत्नी की याचिका खारिज कर दी और बिलासपुर फैमिली कोर्ट के आदेश को बरकरार रखा।

हालांकि, अदालत ने नाबालिग बेटे के भरण-पोषण को लेकर निचली अदालत के आदेश में कोई बदलाव नहीं किया है। बेटे को हर महीने 5,000 रुपये मिलते रहेंगे। इसके अलावा पति को उसकी शिक्षा, चिकित्सा और विवाह से संबंधित खर्च भी देना होगा।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें