मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कांगड़ा के डमटाल में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत चार पर केस

सार

कांगड़ा के डमटाल में 23 वर्षीय सिमरन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रविवार सुबह कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटका मिला। मृतका की मां के बयानों पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

TV Incharge

अपडेट: 2 मिनट
कांगड़ा के डमटाल में 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत चार पर केस

मायके में रह रही सिमरन शर्मा का शव कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटका मिला, मां ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए

कांगड़ा जिले के डमटाल क्षेत्र में मायके आई 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सिमरन शर्मा पुत्री ओम प्रकाश निवासी डमटाल के रूप में हुई है।

रविवार सुबह उसका शव कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटका मिला। सिमरन की शादी करीब छह महीने पहले पंजाब के मुकेरियां क्षेत्र के मेहतावपुर निवासी अश्वनी शर्मा के साथ हुई थी और वह इन दिनों मायके में रह रही थी।

परिजनों के अनुसार रविवार सुबह सिमरन सामान्य दिनचर्या के तहत उठी थी। उसने घर में झाड़ू-पोछा किया और मां के साथ खाना भी बनवाया। इसके बाद उसकी मां ने उसे पठानकोट चलने के लिए तैयार होने को कहा।

सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब सिमरन काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई और आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खोला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। कमरे की कुंडी तोड़ने पर सिमरन पंखे से चुन्नी के सहारे लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल सिविल अस्पताल इंदौरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद डमटाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। नागरिक अस्पताल नूरपुर में चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

नूरपुर से पहुंची जिला फॉरेंसिक यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और कमरे से आवश्यक भौतिक साक्ष्य व नमूने जुटाए। पुलिस के अनुसार कमरे की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

मृतका की मां मधु ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं। उनके बयानों के आधार पर डमटाल पुलिस ने पति अश्वनी शर्मा, सास, ससुर और ननद के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2), 108 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और ससुराल पक्ष की भूमिका की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • डमटाल
  • suspicious death
  • Kangra district
  • Simran Sharma
  • police investigation
  • marital issues
  • family case

इस खबर को शेयर करें