मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

कमरूनाग मंदिर के कपाट 21 नवंबर से होंगे बंद, शिकारी देवी मार्ग पर भी आवाजाही प्रतिबंधित

सार

मंडी के गोहर उपमंडल में भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड की संभावना को देखते हुए श्री देव कमरूनाग मंदिर के फाटक 21 नवंबर 2026 से आगामी आदेशों तक बंद रहेंगे। देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आम जनता, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

TV Incharge

2 मिनट
कमरूनाग मंदिर के कपाट 21 नवंबर से होंगे बंद, शिकारी देवी मार्ग पर भी आवाजाही प्रतिबंधित

भारी बर्फबारी और फिसलन की आशंका के चलते एसडीएम गोहर ने जारी किए आदेश, पर्यटकों और श्रद्धालुओं से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील

आगामी शीतकालीन मौसम में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। उपमंडल गोहर के श्री देव कमरूनाग मंदिर के फाटक 21 नवंबर 2026 से आगामी आदेशों तक बंद रहेंगे।

इसके अलावा देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर भी आम जनता, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।

उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर देवीराम ने बताया कि श्री देव कमरूनाग मंदिर क्षेत्र और देवीदढ़ से शिकारी देवी की ओर जाने वाले मार्ग पर बर्फबारी के कारण रास्ते अवरुद्ध होने, अत्यधिक फिसलन और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। प्रतिकूल मौसम में इन दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन करना जान-माल की सुरक्षा के लिहाज से जोखिमपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रतिबंध लागू होने के बाद किसी भी व्यक्ति को इन क्षेत्रों में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। एसडीएम ने स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स से प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा इन क्षेत्रों की यात्रा से बचने की अपील की है।

एसडीएम ने संबंधित ग्राम पंचायतों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, होटल संचालकों और टैक्सी ऑपरेटरों से भी आग्रह किया है कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश कर आदेशों की अवहेलना करने वाले पर्यटक, ट्रैकर या स्थानीय निवासी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

किसी भी आपातकालीन स्थिति में पुलिस थाना गोहर के दूरभाष नंबर 01907-250228 अथवा उपमंडलाधिकारी (ना.) गोहर के नंबर 01907-250262 पर संपर्क किया जा सकता है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • कमरूनाग मंदिर
  • शिकारी देवी
  • गोहर
  • एसडीएम गोहर
  • भारी बर्फबारी
  • मंदिर बंद
  • पर्यटक प्रतिबंध
  • ट्रेकिंग मार्ग

इस खबर को शेयर करें