मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

सराज में गरजे जयराम ठाकुर: "व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर विकास पर ताला लगा रही सुक्खू सरकार"

सार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड के शिल्हीबागी, शिवाखड्ड, बागाचनोगी और भाटकीधार में भाजपा समर्थित प्रत्याशी शिव चंद के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला।

2 मिनट
सराज में गरजे जयराम ठाकुर: "व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर विकास पर ताला लगा रही सुक्खू सरकार"

मंडी।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड के शिल्हीबागी, शिवाखड्ड, बागाचनोगी और भाटकीधार में भाजपा समर्थित प्रत्याशी शिव चंद के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी 'व्यवस्था परिवर्तन' का खोखला नारा देने वाली कांग्रेस सरकार नए संस्थान खोलने के बजाय पूर्व भाजपा सरकार के संस्थानों पर ताले लगाने पर अड़ी है, जिससे विकास कार्यों पर पूर्ण विराम लग गया है।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने जनता से सीधा सवाल किया कि उन्हें विकास करने वाली सरकार चाहिए या विकास पर ताला लगाने वाली सरकार।

आपदा प्रबंधन और बुनियादी ढांचे के मुद्दे पर सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश में फिर से मानसून दस्तक देने वाला है, लेकिन सरकार पिछले साल की आपदा का मलबा तक सड़कों से नहीं हटा पाई है।

ग्रामीण रूटों पर बसें आज भी बंद हैं और सड़कों की दुर्दशा के कारण ग्रामीणों को भारी सामान अपनी पीठ पर लादकर ले जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अपने 28 वर्षों के राजनीतिक सेवाकाल में उन्होंने हमेशा गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाकर लोगों की पीठ का बोझ कम करने का प्रयास किया, लेकिन वर्तमान सरकार एक साल में मलबे की सफाई तक करवाने में नाकाम रही है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर भाई-भतीजावाद का आरोप लगाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का सरकारी खजाना केवल कुछ खास मित्रों पर लुटाया जा रहा है, जबकि भाजपा और स्वयं कांग्रेस के विरोधी गुट के विधायकों के क्षेत्रों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है।

उन्होंने दावा किया कि इसी भेदभाव का खामियाजा कांग्रेस को हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में भुगतना पड़ा है, जहां जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देते हुए 25 में से 18 नगर परिषदों और 22 में से 13 नगर पंचायतों में ऐतिहासिक जीत दिलाई है, जिससे कांग्रेस के भीतर भारी खलबली मची हुई है।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत समझने की सलाह देते हुए कहा कि इस खलबली को छुपाने के लिए मुख्यमंत्री आगामी पंचायत चुनावों को देखते हुए झूठे दावे कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं और मीडिया में रोज फर्जी आंकड़े परोस रहे हैं।

उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ घोषणा की कि आगामी 31 मई को होने वाले चारों नगर निगमों—मंडी, पालमपुर, धर्मशाला और सोलन के चुनावों में भी भाजपा अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि झूठी गारंटियों के कारण जनता का कांग्रेस से विश्वास उठ चुका है और सराज की जनता का यह भारी उत्साह साफ संकेत है कि पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा नया इतिहास रचेगी।

इस खबर को शेयर करें