मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, सरकार सिर्फ हांक रही डींगे : जयराम ठाकुर

सार

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर हैं और सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।

2 मिनट
हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल, सरकार सिर्फ हांक रही डींगे : जयराम ठाकुर

पंचकुला में ‘मन की बात’ सुनने के बाद बोले पूर्व मुख्यमंत्री, पीएम मोदी के अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर दी बधाई

शिमला, 28 जून 2026:
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि विश्व स्तरीय सुविधाओं के दावों के बावजूद राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है।

उन्होंने कुल्लू, सोलन, टांडा, नेरचौक और आईजीएमसी जैसे प्रमुख अस्पतालों की स्थिति का उल्लेख करते हुए गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि कुल्लू अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत ने स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत उजागर कर दी है। वहीं आईजीएमसी शिमला में आपात स्थिति में लिफ्ट खराब होने के कारण मरीजों को कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक और शर्मनाक है।

उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज में लगातार सामने आ रही समस्याओं, डॉक्टरों की कमी और मरीजों के रेफर किए जाने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में पिछले चार वर्षों से रोगी कल्याण समिति की बैठक तक नहीं हुई है, जबकि शिमला के चम्मियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भी अव्यवस्था बनी हुई है।

पंचकुला में ‘मन की बात’ कार्यक्रम

रविवार सुबह हरियाणा के पंचकुला में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के बाद जयराम ठाकुर ने स्वदेशी तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की सराहना की।

उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल स्वदेशी युद्धपोतों और सी-295 सैन्य विमान को भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता का प्रतीक बताया। साथ ही ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील पर भी बल दिया।

पीएम मोदी के अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर बधाई

जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स के सर्वोच्च पर्यावरणीय सम्मान “गार्डियन ऑफ द ब्लू हॉरिजॉन” मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए गर्व का विषय है और अब तक पीएम मोदी को 34 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित किया है, जो वैश्विक स्तर पर प्रेरणादायक है और ‘विकसित एवं हरित भारत’ के संकल्प को मजबूत करता है।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें