मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

HPRCA ने स्वास्थ्य विभाग की तीन भर्तियों में जोड़े 105 नए पद, 11 जुलाई से फिर खुलेंगे आवेदन

सार

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने स्वास्थ्य विभाग की तीन प्रमुख भर्तियों में कुल 105 अतिरिक्त पद जोड़ दिए हैं। ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट, रेडियोग्राफर और सीनियर लैबोरेटरी टेक्नीशियन के लिए आवेदन पोर्टल 11 से 25 जुलाई 2026 तक दोबारा खोला जाएगा।

2 मिनट
HPRCA ने स्वास्थ्य विभाग की तीन भर्तियों में जोड़े 105 नए पद, 11 जुलाई से फिर खुलेंगे आवेदन

ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट, रेडियोग्राफर और सीनियर लैबोरेटरी टेक्नीशियन के पद बढ़े, नए अभ्यर्थी 25 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA), हमीरपुर ने विज्ञापन संख्या 04/2026 (28 फरवरी 2026) के तहत स्वास्थ्य विभाग की तीन महत्वपूर्ण भर्तियों में कुल 105 अतिरिक्त पद जोड़ने का निर्णय लिया है।

आयोग ने ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008), रेडियोग्राफर (पोस्ट कोड-26009) और सीनियर लेबोरेटरी टेक्नीशियन/एमएलटी ग्रेड-II (पोस्ट कोड-26012) के पदों की संख्या बढ़ाते हुए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है।

आयोग के अनुसार, ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (जॉब ट्रेनी) के पहले विज्ञापित 176 पदों में 60 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं। इसके बाद कुल पदों की संख्या 236 हो गई है। इनमें 145 पद स्वास्थ्य सेवाएं विभाग तथा 91 पद चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के लिए हैं।

इसी प्रकार रेडियोग्राफर (जॉब ट्रेनी) भर्ती में पहले विज्ञापित 10 पदों और 30 मार्च 2026 को जोड़े गए 18 पदों के अलावा अब 30 और पद शामिल किए गए हैं। अब इस भर्ती के तहत कुल 58 पद भरे जाएंगे, जिनमें 23 पद स्वास्थ्य सेवाएं विभाग तथा 35 पद चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के हैं।

वहीं सीनियर लेबोरेटरी टेक्नीशियन/एमएलटी ग्रेड-II (जॉब ट्रेनी) के पहले विज्ञापित 10 पदों में 15 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं। अब कुल 25 पदों पर भर्ती की जाएगी।

आयोग ने बताया कि तीनों पोस्ट कोड के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल 11 जुलाई 2026 सुबह 10:00 बजे से 25 जुलाई 2026 रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही आवेदन कर रखा है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी।

केवल नए पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में आवेदन कर सकेंगे। नए आवेदकों के लिए पात्रता निर्धारित करने की कट-ऑफ तिथि 25 जुलाई 2026 रहेगी, जबकि भर्ती की अन्य सभी शर्तें यथावत लागू रहेंगी।

HPRCA Recruitment, Himachal Recruitment 2026, Operation Theatre Assistant Recruitment, Radiographer Recruitment, Senior Laboratory Technician Recruitment, HP Government Jobs, HPRCA Hamirpur, Medical Education Recruitment, Health Department Jobs, Himachal Jobs

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • HPRCA
  • स्वास्थ्य विभाग
  • भर्तियाँ
  • ऑनलाइन आवेदन
  • पद वृद्धि
  • राज्य चयन आयोग

इस खबर को शेयर करें