मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

चुनाव चिन्ह आवंटन में लापरवाही पर एआरओ निलंबित, उपायुक्त बोले- चुनावी ड्यूटी में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त

सार

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सहायक निर्वाचन अधिकारी (ARO) रजनीश चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

2 मिनट
चुनाव चिन्ह आवंटन में लापरवाही पर एआरओ निलंबित, उपायुक्त बोले- चुनावी ड्यूटी में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त

शिमला।

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव प्रक्रिया के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने सहायक निर्वाचन अधिकारी (ARO) रजनीश चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यह कार्रवाई रोहड़ू विकास खंड की एक ग्राम पंचायत में चुनाव चिन्हों के गलत आवंटन के मामले में की गई है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, मामला विकास खंड रोहड़ू के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दलगांव से जुड़ा है। यहाँ उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित करने में गंभीर विसंगतियाँ पाई गईं।

शुरुआती जांच में सामने आया कि चुनाव चिन्हों का आवंटन राज्य निर्वाचन आयोग के तय दिशा-निर्देशों और हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नहीं किया गया था। प्रशासन ने इसे चुनाव प्रक्रिया की शुचिता से खिलवाड़ और बेहद गंभीर लापरवाही माना है।

उपायुक्त की दोटूक: निष्पक्षता से समझौता नहीं

मामले पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पंचायत चुनावों को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिहीन तरीके से संपन्न करवाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

चुनावी ड्यूटी में तैनात किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। — अनुपम कश्यप, उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, शिमला

वाहन उपलब्ध न करवाने वाले विभागों पर भी गिरेगी गाज

उपायुक्त ने चुनाव व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अन्य विभागों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने चेतावनी दी है कि चुनाव ड्यूटी के लिए जिन विभागों को वाहन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए थे, यदि वे इसमें आनाकानी करते हैं या समय पर वाहन उपलब्ध नहीं करवाते हैं, तो उनके खिलाफ भी नियमों के तहत सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस खबर को शेयर करें