30 जुलाई को मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल करेंगे उद्घाटन, महिलाओं के स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद होंगे उपलब्ध।
हिमाचल प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) द्वारा तैयार किए गए स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोलन में हिमइरा प्रीमियम स्टोर कम कैफे की शुरुआत की जा रही है।
संबंधित अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं की आजीविका को मजबूत करना और उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसी लक्ष्य के तहत प्रदेशभर में हिमइरा स्टोर्स, फूड वैन और वीकली मार्केट संचालित किए जा रहे हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से प्रत्येक विकास खंड तक पहुंचाने की योजना है।
इन माध्यमों से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होने के साथ-साथ उन्हें अपने उत्पादों के लिए स्थायी बाजार भी मिल रहा है।
अधिकारी ने बताया कि हिमइरा प्रीमियम स्टोर कम कैफे का विधिवत उद्घाटन 30 जुलाई को सुबह 10:30 बजे प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल करेंगे।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया मंच
इस प्रीमियम स्टोर कम कैफे में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए अनेक स्थानीय और पारंपरिक उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इनमें विभिन्न प्रकार की दालें, राजमा, लाल चावल, पारंपरिक अनाज, मसाले, परफ्यूम और अन्य स्थानीय उत्पाद शामिल हैं।
सरकार का उद्देश्य इन उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना और महिला उद्यमियों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाना है।
अधिकारी ने कहा कि यह स्टोर केवल बिक्री केंद्र नहीं होगा, बल्कि महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए अपनी पहचान बनाने और उनके उत्पादों को प्रोत्साहन देने का एक प्रभावी मंच भी साबित होगा। इस पहल से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे और हिमाचल प्रदेश में महिला उद्यमिता को नई दिशा मिलेगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube