ज्ञानम संस्थान ऊना में बुधवार को दमकल विभाग की ओर से अग्नि सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्थान की प्रबंध निदेशक (एमडी) डॉ. निमिषिका की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने,
सही समय पर उचित निर्णय लेने तथा प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रभावी उपायों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में दमकल विभाग ऊना के लीडिंग फायरमैन अश्वनी और फायरमैन अनिल कुमार ने विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को आग लगने के प्रमुख कारणों, विभिन्न प्रकार की आग और उससे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लेना चाहिए तथा तुरंत दमकल विभाग को सूचना देनी चाहिए।
इस दौरान दमकल विभाग की टीम ने अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया। उन्होंने समझाया कि शुरुआती स्तर पर लगी आग को सुरक्षित तरीके से कैसे नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही गैस सिलेंडर में आग लगने, विद्युत शॉर्ट सर्किट और अन्य अग्नि दुर्घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने इस प्रदर्शन में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्निशामक यंत्र के संचालन की प्रक्रिया को करीब से समझा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने सुरक्षा संबंधी कई प्रश्न भी पूछे, जिनका दमकल विभाग के अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।
संस्थान की एमडी डॉ. निमिषिका ने दमकल विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए मानसिक रूप से तैयार करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी पहल भविष्य में भी जारी रखी जाएगी, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षा के प्रति अधिक सजग और जिम्मेदार बन सकें।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube