मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल को प्राकृतिक खेती में देश का नंबर-1 राज्य बनाएगी सरकार: मुख्यमंत्री सुक्खू, 2.56 लाख किसान कर रहे प्राकृतिक खेती

सार

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को प्राकृतिक खेती में देश का पहला राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 2.56 लाख से अधिक किसान प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। सरकार प्राकृतिक उत्पादों की मार्केटिंग के लिए अलग विंग बनाएगी, जबकि दूध उत्पादकों को पिछले साढ़े तीन वर्षों में 300 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

3 मिनट
हिमाचल को प्राकृतिक खेती में देश का नंबर-1 राज्य बनाएगी सरकार: मुख्यमंत्री सुक्खू, 2.56 लाख किसान कर रहे प्राकृतिक खेती

प्राकृतिक खेती के उत्पादों की मार्केटिंग के लिए बनेगा अलग विंग, दूध उत्पादकों को साढ़े तीन वर्षों में 300 करोड़ रुपये का भुगतान

शिमला। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में देश का पहला राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

शनिवार को कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में पूरी गंभीरता और दक्षता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी तथा किसानों के उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग में

अलग मार्केटिंग विंग स्थापित किया जाएगा। साथ ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इन उत्पादों की बिक्री की संभावनाएं भी तलाशने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 2,56,870 किसान करीब 44,784.73 हेक्टेयर भूमि पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नई नीतियों के कारण प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि जो किसान खेती छोड़ चुके थे, वे भी अब दोबारा खेती की ओर लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल देश का पहला राज्य है जिसने प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) लागू किया है।

वर्तमान में प्राकृतिक गेहूं 80 रुपये, मक्की 50 रुपये, कच्ची हल्दी 150 रुपये, पांगी घाटी की जौ 80 रुपये और अदरक 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जा रही है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य लागू करने के बाद प्रदेश में दूध उत्पादन और सहकारी डेयरी प्रणाली से जुड़ने वाले किसानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

सरकार ने गाय के दूध का एमएसपी 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये तथा भैंस के दूध का एमएसपी 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में राज्य सरकार प्रदेश के दूध उत्पादकों को 300 करोड़ रुपये का भुगतान कर चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को कांगड़ा जिले के बड़ा भंगाल क्षेत्र को प्राकृतिक खेती पंचायत घोषित करने की औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही बड़ा भंगाल की प्रसिद्ध राजमाह के लिए जीआई टैग प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू करने को भी कहा।

उन्होंने दोहराया कि किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार धन की कोई कमी नहीं आने देगी। बैठक में कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, सचिव कृषि सी. पॉलरासु, मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार, कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक राम कुमार गौतम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें