मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल में 307 करोड़ रुपये अब भी अनक्लेम्ड: 10.67 लाख बैंक खातों के असली दावेदारों का नहीं चला पता

सार

हिमाचल प्रदेश के बैंकों में 307 करोड़ रुपये से अधिक की अनक्लेम्ड राशि अब भी पड़ी है। छह महीने तक चले विशेष अभियान के बावजूद 10.67 लाख से अधिक निष्क्रिय और अनक्लेम्ड खातों के असली दावेदारों का पता नहीं चल पाया। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 74.49 करोड़ रुपये अनक्लेम्ड हैं।

3 मिनट
हिमाचल में 307 करोड़ रुपये अब भी अनक्लेम्ड: 10.67 लाख बैंक खातों के असली दावेदारों का नहीं चला पता

छह महीने के विशेष अभियान में केवल 10,082 खातों का निपटारा, 26.49 करोड़ रुपये लौटे; कांगड़ा में सबसे अधिक अनक्लेम्ड खाते

शिमला: हिमाचल प्रदेश के बैंकों में जमा करोड़ों रुपये अब भी अपने वास्तविक मालिकों तक नहीं पहुंच पाए हैं। वित्तीय सेवा विभाग और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के संयुक्त प्रयासों के बावजूद राज्य में 307 करोड़ रुपये से अधिक की अनक्लेम्ड बैंक जमा राशि अभी भी बैंकों में पड़ी हुई है।

बड़ी संख्या में खाताधारकों या उनके उत्तराधिकारियों को इन खातों और जमा पूंजी की जानकारी तक नहीं है।

छह महीने के अभियान के बाद भी सीमित सफलता

राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) के आंकड़ों के अनुसार 31 अगस्त 2025 तक हिमाचल प्रदेश में 10,77,428 अनक्लेम्ड बैंक खाते दर्ज थे, जिनमें 333.63 करोड़ रुपये जमा थे।

इन खातों के वास्तविक मालिकों और उनके उत्तराधिकारियों की पहचान के लिए 1 अक्टूबर 2025 से छह महीने का विशेष अभियान चलाया गया। हालांकि, 31 मार्च 2026 तक केवल 10,082 खातों का ही निपटारा हो सका और 26.49 करोड़ रुपये संबंधित दावेदारों को वापस किए गए। इसके बावजूद 307 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अब भी अनक्लेम्ड बनी हुई है।

वित्तीय जागरूकता और उत्तराधिकार प्रबंधन पर उठे सवाल

बैंकिंग विशेषज्ञों का मानना है कि बड़ी संख्या में ऐसे खाते वर्षों से निष्क्रिय पड़े हैं। कई खाताधारकों का पता बदल चुका है, जबकि कुछ की मृत्यु हो चुकी है। कई मामलों में परिवार के सदस्यों को पुराने बैंक खाते, सावधि जमा (एफडी) या अन्य निवेशों की जानकारी ही नहीं होती, जिससे दावे समय पर नहीं किए जा पाते।

यह स्थिति वित्तीय जागरूकता, उत्तराधिकार प्रबंधन और बैंक रिकॉर्ड अपडेट रखने की आवश्यकता को भी उजागर करती है।

कांगड़ा में सबसे अधिक अनक्लेम्ड राशि

जिलावार आंकड़ों के अनुसार कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 2.25 लाख से अधिक अनक्लेम्ड खाते दर्ज किए गए, जिनमें 74.49 करोड़ रुपये जमा थे। विशेष अभियान के दौरान यहां 2,616 खातों का निपटारा कर 5.21 करोड़ रुपये दावेदारों को लौटाए गए।

जिलेवार अनक्लेम्ड बैंक खातों की स्थिति (31 अगस्त 2025)

जिलाखातों की संख्याजमा राशि (करोड़ रुपये)कांगड़ा2,25,60274.49शिमला1,35,39858.08सोलन1,41,15442.08मंडी1,38,17631.87ऊना93,81425.98हमीरपुर82,36821.08कुल्लू90,52320.78सिरमौर59,75319.83चंबा43,69215.19बिलासपुर46,78414.02किन्नौर13,3555.33लाहौल-स्पीति6,8094.90

रिटेल खातों में फंसी सबसे अधिक राशि

एसएलबीसी रिपोर्ट के अनुसार सबसे अधिक अनक्लेम्ड राशि रिटेल खातों में है।

  • रिटेल खाते: 10.50 लाख खाते, 292.35 करोड़ रुपये

  • संस्थागत खाते: 23.71 करोड़ रुपये

  • केंद्र एवं राज्य सरकार से जुड़े खाते: 17.57 करोड़ रुपये

विशेष अभियान के दौरान भी सबसे अधिक 13.89 करोड़ रुपये के दावों का निपटारा रिटेल खातों से संबंधित रहा।

बैंकों को खाताधारकों से संपर्क के निर्देश

वित्तीय सेवा विभाग ने सभी बैंक शाखाओं को निर्देश दिए हैं कि वे निष्क्रिय और अनक्लेम्ड खातों की पहचान कर खाताधारकों अथवा उनके उत्तराधिकारियों से संपर्क करें।

यदि किसी परिवार के सदस्य के नाम पर पुराना बैंक खाता, एफडी या निष्क्रिय खाता है, तो संबंधित बैंक शाखा या आरबीआई के पोर्टल पर जानकारी प्राप्त कर दावा प्रस्तुत किया जा सकता है।

री-केवाईसी की रफ्तार भी धीमी

हिमाचल प्रदेश में बैंक खातों की री-केवाईसी (Re-KYC) प्रक्रिया भी अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ रही है।

5 जून तक 14.81 लाख खातों में री-केवाईसी की आवश्यकता चिन्हित की गई थी। इनमें से केवल 5.58 लाख खातों (37.66%) की प्रक्रिया पूरी हो सकी है, जबकि 9.23 लाख खातों की री-केवाईसी अभी भी लंबित है।

facebook

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें