मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हिमाचल सरकार ने आउटसोर्स भर्ती के लिए जारी किए नए नियम, बिना वित्त विभाग की मंजूरी नहीं होगी नई नियुक्ति

सार

हिमाचल प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स भर्ती को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब वित्त विभाग की पूर्व मंजूरी के बिना किसी भी विभाग में नई आउटसोर्स नियुक्ति नहीं होगी। सरकार ने नियमित पदों पर आउटसोर्सिंग पर रोक लगाते हुए इसे केवल अस्थायी और आवश्यकता आधारित व्यवस्था बताया है।

2 मिनट
हिमाचल सरकार ने आउटसोर्स भर्ती के लिए जारी किए नए नियम, बिना वित्त विभाग की मंजूरी नहीं होगी नई नियुक्ति

सरकार ने स्पष्ट किया कि आउटसोर्सिंग केवल अस्थायी और आवश्यकता आधारित व्यवस्था होगी। नियमित पदों पर आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं होगी और विभागों को नियमित भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने विभागों और सरकारी एजेंसियों में आउटसोर्स आधार पर होने वाली भर्तियों के लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि आउटसोर्सिंग केवल अस्थायी और आवश्यकता आधारित व्यवस्था होगी। इसे किसी भी स्थिति में नियमित सरकारी रोजगार का विकल्प नहीं माना जाएगा।

प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को नए दिशा-निर्देश लागू करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना, वित्तीय अनुशासन बनाए रखना और सार्वजनिक रोजगार से जुड़े कानूनी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करना है।

नियमित पदों पर नहीं होगी आउटसोर्स भर्ती

नई व्यवस्था के तहत जिन पदों पर नियमित भर्ती पहले से हो चुकी है या स्वीकृत पद भरे हुए हैं, वहां किसी भी प्रकार की आउटसोर्स नियुक्ति नहीं की जाएगी। सरकार ने सभी विभागों को स्थायी रिक्त पदों पर नियमित भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

सरकार का कहना है कि भविष्य में आउटसोर्सिंग का उपयोग केवल अस्थायी, गैर-कोर, मौसमी और विशेष सेवाओं तक ही सीमित रखा जाएगा।

मौजूदा आउटसोर्स कर्मचारी फिलहाल जारी रखेंगे सेवाएं

सरकार ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी अपनी सेवाएं जारी रखेंगे। हालांकि उनकी नियुक्ति नियमित भर्ती पूरी होने तक अस्थायी आधार पर ही मानी जाएगी। विभाग समय-समय पर इन कर्मचारियों की आवश्यकता की समीक्षा भी करेंगे।

वित्त विभाग की मंजूरी होगी अनिवार्य

संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार अब किसी भी विभाग या सरकारी एजेंसी में नई आउटसोर्स भर्ती, तैनाती या सेवाएं लेने से पहले वित्त विभाग की पूर्व लिखित मंजूरी लेना अनिवार्य होगा।

यदि किसी विभाग द्वारा बिना मंजूरी के आउटसोर्स नियुक्ति की जाती है, तो उसे अनधिकृत माना जाएगा और उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

प्रदेश में 26 हजार से अधिक आउटसोर्स कर्मचारी

हिमाचल प्रदेश में वर्तमान समय में 26 हजार से अधिक कर्मचारी आउटसोर्स आधार पर विभिन्न विभागों और सरकारी एजेंसियों में कार्यरत हैं। हाल ही में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने असिस्टेंट स्टाफ नर्स भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार से आउटसोर्स भर्ती व्यवस्था को लेकर विस्तृत हलफनामा भी मांगा था।

इन नए दिशा-निर्देशों के बाद राज्य में आउटसोर्स भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, नियंत्रित और नियमबद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस खबर के विषय

  • आउटसोर्सिंग
  • भर्ती नियम
  • सरकारी नौकरी
  • वित्त विभाग
  • नियुक्ति प्रक्रिया
  • कर्मचारी सेवाएं
  • प्रशासनिक दक्षता

इस खबर को शेयर करें