‘आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड-2026’ से सम्मानित, शिक्षा, अनुसंधान और नर्सिंग शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिली उपलब्धि
मंडी/देहरादून: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र की बेटी और उत्तराखंड की बहू प्रो. नीतिका कौशल ने अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से एक बार फिर दोनों राज्यों का गौरव बढ़ाया है। शिक्षा, अनुसंधान, अकादमिक उत्कृष्टता और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें देहरादून स्थित वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘एआई इनोवेशन्स इन हेल्थ केयर: शेपिंग द फ्यूचर ऑफ विकसित भारत-2047’ के दौरान प्रदान किया गया।
सम्मेलन का आयोजन सोसायटी ऑफ हेल्थ एजुकेशन एंड रिसर्च (SHER) ने विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के सहयोग से किया था, जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।
मूल रूप से मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र से संबंध रखने वाली प्रो. नीतिका कौशल, श्रीमती तरुणा कौशल और श्री महेश कौशल की पुत्री हैं। वर्तमान में वह देहरादून स्थित नारायण स्वामी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रस बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं और नर्सिंग शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
प्रो. कौशल ने अपनी मेहनत, लगन और शैक्षणिक उत्कृष्टता के बल पर नर्सिंग शिक्षा जगत में विशेष पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में संस्थान शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान, छात्र विकास और नवाचार के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शोध और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करने में भी अहम भूमिका निभाई है।
बाल स्वास्थ्य नर्सिंग की विशेषज्ञ प्रो. नीतिका कौशल ने किशोर स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वास्थ्य शिक्षा, जीवनशैली संबंधी बीमारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य जैसे विषयों पर उल्लेखनीय शोध कार्य किए हैं। उनके कई शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं।
उन्हें इससे पहले भी ग्लोबल वूमेन आइकॉन्स अवार्ड, स्वामी विवेकानंद अचीवर्स प्राइड अवार्ड, देवभूमि राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार, भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार, वूमेन लीडरशिप इन हेल्थकेयर एजुकेशन अवार्ड, बेस्ट टीचर अवार्ड और वूमेन इंस्पिरेशन अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. नीतिका कौशल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा, अनुसंधान और समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।