मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद, कनेक्शन काटे जाने पर भड़के उपभोक्ता; एसपी से की शिकायत

सार

हमीरपुर शहर के गौड़ा इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने वाले कुछ उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाने का मामला सामने आया है। नाराज उपभोक्ता उपभोक्ता कल्याण मंच के साथ एसपी हमीरपुर के पास पहुंचे और विद्युत बोर्ड व स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।

3 मिनट
हमीरपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद, कनेक्शन काटे जाने पर भड़के उपभोक्ता; एसपी से की शिकायत

गौड़ा में स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर बिजली कनेक्शन काटने का आरोप, उपभोक्ता कल्याण मंच ने दी आंदोलन की चेतावनी

स्मार्ट मीटर लगाने का मामला अब हमीरपुर शहर में भी तूल पकड़ता जा रहा है। शहर के गौड़ा इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने वाले कुछ उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे जाने के बाद लोगों में रोष है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी की ओर से उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।

इसी मामले को लेकर वीरवार को उपभोक्ता कल्याण मंच के साथ स्थानीय लोग एसपी हमीरपुर के पास पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाई। लोगों ने विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कनेक्शन काटने पर उपभोक्ताओं में रोष

उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर पहले उन्हें नोटिस दिए गए और इसके बाद बिजली कनेक्शन काट दिए गए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनके बिजली कनेक्शन दोबारा बहाल नहीं किए गए तो वे विद्युत बोर्ड के अधिकारियों का घेराव करेंगे और कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

उपभोक्ता कल्याण मंच के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं की इच्छा के खिलाफ स्मार्ट मीटर जबरदस्ती लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले लोगों के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें अंधेरे में रखने का काम किया जा रहा है।

एक परिवार को एक महीने तक बिजली के बिना रहना पड़ा

सुरेश ठाकुर ने दावा किया कि हमीरपुर शहर के एक अन्य इलाके में भी स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए। उन्होंने कहा कि एक परिवार को करीब एक महीने तक बिना बिजली के रहना पड़ा और बाद में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद उनकी बिजली आपूर्ति बहाल हुई।

उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले के अनुसार विभाग जबरदस्ती स्मार्ट मीटर नहीं लगा सकता। साथ ही उन्होंने एसपी हमीरपुर से विद्युत बोर्ड और स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी

उपभोक्ता कल्याण मंच ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं की मांगों पर गौर नहीं किया तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। सुरेश ठाकुर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर हर गांव में लोगों को साथ लेकर आंदोलन को बड़ा रूप दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि बिजली कनेक्शन जल्द बहाल नहीं किए गए तो विद्युत बोर्ड के कार्यालयों के बाहर धरना-प्रदर्शन और अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।

चार बिजली कनेक्शन काटे जाने का दावा

गौड़ा निवासी प्रकाश गौतम ने बताया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने के कारण उनके परिवार के चार बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे परिवार को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रकाश गौतम के मुताबिक, उन्होंने वीरवार को एसपी हमीरपुर से मिलकर स्मार्ट मीटर लगाने से इनकार करने पर बिजली कनेक्शन काटने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

पुराने मीटरों को रखने की मांग

वहीं पुरुषोत्तम प्रकाश ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब उपभोक्ता स्मार्ट मीटर नहीं लगाना चाहते हैं तो उन्हें जबरदस्ती क्यों लगाया जा रहा है। उन्होंने स्मार्ट मीटर की रीडिंग को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुराने मीटर ही ठीक हैं और उन्हें ही जारी रखा जाना चाहिए।

फिलहाल हमीरपुर में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं और विद्युत विभाग के बीच विवाद बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन और विद्युत विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और उपभोक्ताओं के काटे गए बिजली कनेक्शन कब तक बहाल किए जाते हैं।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • स्मार्ट मीटर
  • उपभोक्ता
  • विद्युत बोर्ड
  • कनेक्शन काटना
  • धरना प्रदर्शन
  • गौड़ा

इस खबर को शेयर करें