मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

रैडक्रॉस से जुड़ें अधिक से अधिक लोग, जरूरतमंदों की मदद में निभाएं भागीदारी: गंधर्वा राठौड़

सार

हमीरपुर में जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की बैठक में सोसाइटी की गतिविधियों के विस्तार और अधिक लोगों को जोड़ने पर चर्चा हुई। गंधर्वा राठौड़ ने समाज के लोगों से जरूरतमंदों की सहायता के लिए रैडक्रॉस से जुड़ने का आह्वान किया।

TV Incharge

2 मिनट
रैडक्रॉस से जुड़ें अधिक से अधिक लोग, जरूरतमंदों की मदद में निभाएं भागीदारी: गंधर्वा राठौड़

हमीरपुर में रैडक्रॉस सोसाइटी की बैठक, 749 सदस्य जुड़े; वित्त वर्ष 2025-26 में 60 जरूरतमंदों को 7.30 लाख की सहायता

जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की बैठक में सोसाइटी की गतिविधियों के विस्तार और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं जिला रैडक्रॉस सोसाइटी की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने की।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि रैडक्रॉस हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कार्य करती है। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से रैडक्रॉस से जुड़कर जरूरतमंदों की सहायता में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

749 लोग रैडक्रॉस से जुड़े

गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि वर्तमान में जिले में रैडक्रॉस सोसाइटी से 749 लोग जुड़े हैं। इनमें 730 आजीवन सदस्य और 19 संरक्षक शामिल हैं। सभी उपमंडलों में भी रैडक्रॉस की इकाइयां गठित की गई हैं।

स्कूल और कॉलेज स्तर पर यूथ रैडक्रॉस एवं जूनियर रैडक्रॉस इकाइयां भी बनाई जा रही हैं। जिले के 56 स्कूलों में जूनियर रैडक्रॉस से 3278 विद्यार्थी जुड़े हैं, जो नशा विरोधी जागरूकता सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भाग ले रहे हैं।

60 जरूरतमंदों को 7.30 लाख रुपये की सहायता

उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में जिला रैडक्रॉस सोसाइटी ने 60 जरूरतमंद लोगों को करीब 7.30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में रैडक्रॉस की लैब में आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, जहां कई जांचें कम दरों पर की जा रही हैं। वहीं एंबुलेंस सेवा भी 15 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से उपलब्ध करवाई जा रही है।

रक्तदान और मेडिकल कैंप आयोजित

रैडक्रॉस की ओर से जिले में 10 रक्तदान शिविर लगाए गए, जिनमें करीब 395 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। पांच मेडिकल कैंपों के माध्यम से सैकड़ों लोगों को लाभ मिला।

दिव्यांगजनों और झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों के लिए भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। टीबी मुक्त अभियान के तहत 10 मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण किट प्रदान की जा रही हैं।

सफाई और पौधारोपण अभियान भी चलाए

सोसाइटी की ओर से सफाई और पौधारोपण अभियान भी चलाए गए हैं। इसके अलावा घरों में बेकार पड़े कपड़ों को एकत्र कर उन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने की पहल भी की गई है।

बैठक में एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम संजीत सिंह, सचिव लवकेश शर्मा सहित आजीवन सदस्यों और संरक्षकों ने अपने सुझाव दिए।

इस दौरान आजीवन सदस्य शंभू राम जसवाल ने अपने बेटे और बहू के जन्मदिन के अवसर पर रैडक्रॉस सोसाइटी को 5100 रुपये का अंशदान भी दिया।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

  • रेड क्रॉस
  • गंधर्वा राठौड़
  • सामाजिक सेवा
  • आर्थिक सहायता
  • रक्तदान
  • यूथ रैडक्रॉस
  • जूनियर रैडक्रॉस

इस खबर को शेयर करें