ग्राम पंचायत कल्लर में इंडस अस्पताल के सौजन्य से नि:शुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। पंचायत प्रधान दीपक ठाकुर और उपप्रधान राकेश राणा के प्रयासों से आयोजित इस शिविर में कल्लर पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों से 200 से अधिक लोग पहुंचे। लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य जांच करवाने के साथ अपनी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में इंडस अस्पताल की ओर से डॉ. आदित्य, डॉ. अभिषेक तनेजा और डॉ. अंजलि सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। चिकित्सकों ने मरीजों की विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की और आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श दिया। इस दौरान विशेष रूप से हड्डियों से जुड़ी समस्याओं, सामान्य बीमारियों और महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
मेडिकल कैंप में मरीजों की स्वास्थ्य जांच के साथ ईसीजी की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गई। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की गईं। शिविर को सफल बनाने में गुरमीत सिंह लांबा, अक्षय ठाकुर, अभिषेक, नीलम और नीतीश ने भी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं।
पंचायत प्रधान दीपक ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना पंचायत की प्राथमिकता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से ग्रामीणों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने की सुविधा मिलती है और समय पर स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान भी हो सकती है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी लोगों की सुविधा के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube