कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता, वाहन जब्त; सप्लायर और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर तुन्नु-ढलियारा में नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से 9.11 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
पुलिस ने वाहन में सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बिलासपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार स्पेशल डिटेक्शन टीम ने नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए फोरलेन पर विशेष नाकाबंदी की थी। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 9.11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर वाहन में सवार तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनीष कुमार (30) निवासी बंदला, आशीष कल्याण (30) निवासी डियारा सेक्टर और आसिफ मोहम्मद (34) निवासी रोड़ा सेक्टर-2, बिलासपुर के रूप में हुई है।
अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ चिट्टे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे, इसका सप्लायर कौन है और आगे इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। आरोपियों के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है।
पूरे नशा नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस
एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई केवल नशे के पैडलर्स तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सप्लाई नेटवर्क से जुड़े मुख्य आरोपियों और सप्लायरों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube