हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणी और मॉर्फ (छेड़छाड़ कर बनाई गई) फोटो साझा किए जाने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच में जुटी है।
भाजपा विधायक की पोस्ट पर की गई थी टिप्पणी
जानकारी के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया जब भाजपा विधायक सुधीर शर्मा की सोशल मीडिया पोस्ट पर एक यूजर ने टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कथित मॉर्फ फोटो साझा की।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उसी टिप्पणी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के खिलाफ भी आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस के हमीरपुर जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने सदर थाना हमीरपुर में लिखित शिकायत दर्ज कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 353 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
तकनीकी जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और उससे जुड़े अकाउंट की तकनीकी जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि आपत्तिजनक सामग्री किस अकाउंट से साझा की गई और इसके पीछे कौन व्यक्ति है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SP बोले— तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी तथा मॉर्फ फोटो साझा किए जाने की शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की अपील
पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि किसी भी व्यक्ति या संवैधानिक पद से जुड़े भ्रामक, आपत्तिजनक या अपमानजनक कंटेंट को साझा करने से बचें, ताकि सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनी रहे।
follow us on facebook
subscribe to us on youtube