मुख्य सामग्री पर जाएं
शनिवार, 28 नवंबर 2026

हमीरपुर में जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के नाम पर साइबर ठगी, बुजुर्ग से 17.43 लाख रुपये ठगे

सार

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के नाम पर साइबर ठगों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से 17 लाख 43 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने बुजुर्ग को व्हाट्सऐप पर लिंक भेजकर उसे डाउनलोड करवाया था। शिकायत के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

TV Incharge

2 मिनट
हमीरपुर में जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के नाम पर साइबर ठगी, बुजुर्ग से 17.43 लाख रुपये ठगे

व्हाट्सऐप पर भेजे गए लिंक को डाउनलोड करना पड़ा महंगा, 62 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से उड़ाई जीवनभर की जमा पूंजी; पुलिस ने दर्ज किया मामला

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में साइबर ठगों ने जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के नाम पर एक बुजुर्ग को अपना निशाना बनाया है। शातिरों ने 62 वर्षीय बुजुर्ग के बैंक खाते से 17 लाख 43 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने व्हाट्सऐप पर बैंक ऐप का लिंक भेजकर बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गांव पोरला निवासी ओमप्रकाश ने सदर थाना में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 30 अक्तूबर को उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सऐप के माध्यम से बैंक ऐप का एक लिंक आया था। इसके कुछ समय बाद उन्हें दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कॉल प्राप्त हुईं।

फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को संबंधित प्रक्रिया से जुड़ा बताते हुए जीवन प्रमाण पत्र डाउनलोड करने के लिए लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने को कहा। आरोपियों की बातों में आकर ओमप्रकाश ने उस लिंक को डाउनलोड कर लिया।

हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें फोन कॉल फर्जी होने का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया। लेकिन तब तक साइबर ठग उनके बैंक खाते से रकम निकाल चुके थे।

करीब एक सप्ताह बाद जब ओमप्रकाश ने बैंक जाकर अपने खाते की जांच करवाई तो उनके होश उड़ गए। खाते से कुल 17,43,000 रुपये धोखाधड़ी से निकाले जा चुके थे। इसके बाद उन्होंने सदर थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

एसपी हमीरपुर बलबीर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सऐप पर अनजान व्यक्तियों की ओर से भेजे गए किसी भी लिंक को डाउनलोड न करें। जीवन प्रमाण पत्र और बैंकिंग सुविधाओं के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल और लिंक से सावधान रहें।

पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा है कि छोटी सी लापरवाही वर्षों की जमा पूंजी को खतरे में डाल सकती है।

follow us on facebook
subscribe to us on youtube

इस खबर के विषय

इस खबर को शेयर करें